हर्षोल्लास एवं आनंद से सम्पन्न हुई महाशिवरात्रि, शिवमय हुआ छिंदवाड़ा–अमरवाड़ा–पांढुर्णा
पातालेश्वर, चौरागढ़, गरमेंट पर्वत और पांढुर्णा में भव्य आयोजन, भंडारे, शोभायात्राएं और अभिषेक के साथ हर्षोल्लास से मना महाशिवरात्रि पर्व
Chhindwara 15 February 2026
छिंदवाड़ा यशो:- महाशिवरात्रि का पावन पर्व जिले भर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।
सुबह से देर रात्रि तक शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
भगवान शिव के अभिषेक, पूजन, भंडारे, शोभायात्रा और मेलों के माध्यम से संपूर्ण अंचल शिवमय हो उठा।

पातालेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
छिंदवाड़ा नगर का मुख्य मेला पातालेश्वर धाम में आयोजित हुआ।
पातालेश्वर प्रबंध समिति के प्रमुख रमेश पोफली ने बताया कि देर रात्रि से ही भगवान शिव का पूजन-अर्चन प्रारंभ हो गया था।
अनुमानतः लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने पातालेश्वर मंदिर में दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
महाकाल मंदिर में भी दिनभर दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं।

नगर में जगह-जगह भंडारे एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी।
पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी।
34 वर्षों से सेवा में समर्पित रमेश पोफली
पातालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रमुख रमेश पोफली बीते 34 वर्षों से निरंतर सेवाकार्य कर रहे हैं।
लगभग 18 से 20 घंटे तक लगातार माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को सूचनाएं, व्यवस्थाएं और अतिथियों के आगमन की जानकारी दी गई।

चौरागढ़ महादेव मेला शांतिपूर्ण संपन्न
महादेव मेले के अंतर्गत चौरागढ़ पर्वत पर भगवान शिव के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे।
प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए भक्तों ने दर्शन कर घर वापसी प्रारंभ की।
इस वर्ष चौरागढ़ मंदिर के पुजारी गरीबदास बाबा के ब्रह्मलीन होने से वातावरण भावुक भी रहा।
प्रशासनिक व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं।
यातायात एवं किराया नियंत्रण को लेकर सख्ती बरती गई, जिससे मेला पूर्णतः शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
रेलवे पुलिस रही सतर्क
पातालेश्वर धाम जाने के मार्ग पर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में जीआरपी एवं आरपीएफ ने कड़ी निगरानी रखी।
रेलवे परिसर से होकर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए गए, जिससे कोई भी दर्शनार्थी रेलवे स्टेशन के भीतर से प्रवेश नहीं कर सका।
अमरवाड़ा: गरमेंट पर्वत शिवधाम में विशाल मेला
अमरवाड़ा धर्मनगरी में महाशिवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही वातावरण शिवमय बना रहा।
गरमेंट पर्वत स्थित शिवधाम में विशाल मेले का आयोजन हुआ।
यहां भगवान शिवलिंग का अभिषेक, श्रृंगार एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
समिति एवं मोबाइल एसोसिएशन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
महाकाल मंदिर से भगवान शिव की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ को चांदी का मुकुट एवं लगभग 400 किलो वजनी विशाल त्रिशूल अर्पित किया गया।

महाशिवरात्रि पर विशाल फलाहारी भंडारा
पावन पर्व पर कांग्रेस झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा विशाल फलाहारी भंडारे का आयोजन किया गया।
यह आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ की प्रेरणा से संपन्न हुआ।
भंडारे में श्रद्धालुओं को फलाहार वितरित किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष,
पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य में सहभागिता की।
सांसद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने की पूजा-अर्चना
महाशिवरात्रि के अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू एवं
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विभिन्न शिवालयों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
उन्होंने जिलेवासियों के लिए सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना की।

पूजन उपरांत पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न भंडारों में सेवा कार्य भी किया गया।
पांढुर्णा में सेवा और श्रद्धा का संगम
पांढुर्णा नगर में महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला।
अमरावती रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने बीते 21 वर्षों से निरंतर सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यहां श्रद्धालुओं को शीतल जल, शरबत एवं विभिन्न प्रकार के फलों का वितरण किया गया।
सेवा भाव से किया गया यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।



