मध्यप्रदेशदेश विदेशसिवनीहेल्थ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया आह्वान — “योग अपनाएं, स्वस्थ मध्यप्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में बनें सहभागी”

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले 14 जून को होगा विशेष ऑनलाइन योग सत्र, घर-घर योग अभियान को मिलेगा नया विस्तार

भोपाल यशो :- भारत की प्राचीन योग परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज पूरी दुनिया में भारत की सांस्कृतिक शक्ति और जीवन दर्शन का प्रतीक बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अब केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। भारत ने विश्व को निरोग और संतुलित जीवन की दिशा दिखाई है और मध्यप्रदेश भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।

14 जून को विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 7वें काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा 14 जून को सुबह 6:30 बजे से 7:35 बजे तक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस ऑनलाइन सत्र का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है।

उन्होंने प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, शासकीय सेवकों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” बने जनअभियान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने हजारों वर्षों से मानव जीवन को ऊर्जा, अनुशासन और मानसिक शांति प्रदान की है। वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव और असंतुलित दिनचर्या के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करे तो न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि एक स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण भी संभव होगा। “घर-घर योग, हर व्यक्ति निरोग” का संकल्प प्रदेश में व्यापक जनअभियान का रूप ले रहा है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दिशा में भी पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में “हर घर योग” अभियान को विशेष रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है और इसके माध्यम से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर योग के प्रति जागरूकता फैलाएं और स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

ऑनलाइन योग सत्र में सहभागिता के लिए आयुष मंत्रालय द्वारा टोल फ्री नंबर 18003157008 जारी किया गया है, जिस पर मिस कॉल देकर नागरिक पंजीयन कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग को मिली वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिलने के बाद पूरी दुनिया में भारत की योग परंपरा के प्रति अभूतपूर्व सम्मान बढ़ा है। आज विश्व के अनेक देशों में योग स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए स्वस्थ नागरिकों का होना अत्यंत आवश्यक है और योग इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button