प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भोपाल में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित कार्यक्रमों में केंद्र व प्रदेश नेतृत्व ने रखा विकसित भारत का विजन
मोदी सरकार के 12 वर्ष – भोपाल विकसित भारत सम्मेलन
Bhopal13 June 2026
भोपाल यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण के साथ हुई।

इसके पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने स्व-सहायता समूहों एवं महिला उद्यमियों के संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने जनजातीय संग्रहालय में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता एवं पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया।

“प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का आत्मविश्वास बढ़ाया” : डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास, सुशासन और सांस्कृतिक गौरव का नया अध्याय लिखा है। नया भारत आज वैश्विक शक्ति का प्रतीक बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर राम मंदिर निर्माण तक प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की वैश्विक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले देश आतंकवाद, भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में निर्णायक नेतृत्व के कारण भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।

“भारत विकास, विश्वास और आत्मविश्वास के नए युग में प्रवेश कर चुका है” : धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, विश्वास और आत्मविश्वास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

“प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय लिख रहे हैं” : हेमंत खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय लिख रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम का पुनर्विकास भारत की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले कार्य हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं ने युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है।
“विकसित भारत-2047 केवल सरकार नहीं, 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प” : डॉ. महेंद्र सिंह
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है और विश्व मंच पर भारत की भूमिका लगातार मजबूत हुई है।
विभिन्न जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



