मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शंकराचार्य स्तंभ लोकार्पण से वर्चुअली जुड़ेंगे
सिवनी में सनातन गरिमा का क्षण—जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी के शुभ-हस्ते होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शंकराचार्य स्तंभ लोकार्पण से वर्चुअली जुड़ेंगे
विधानसभा सत्र के बीच भी सिवनी से जुड़े मुख्यमंत्री — मोहन यादव की वर्चुअल सहभागिता से शंकराचार्य स्तंभ लोकार्पण कार्यक्रम को मिली विशेष गरिमा।
सिवनी यशो :- छिंदवाड़ा रोड स्थित श्री गणेश मंदिर के समीप श्री शंकराचार्य चौक पर आज गुरुवार शाम 04:00 बजे आदि शंकराचार्य जी के प्रतीक चिन्हों से समाहित श्री शंकराचार्य स्तंभ का लोकार्पण जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के शुभ-हस्ते संपन्न होगा।
विधानसभा सत्र के कारण मुख्यमंत्री वर्चुअली होंगे शामिल
श्री द्वारकाधीश मंदिर में चल रहे प्रतिष्ठा-यज्ञ-भागवत एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रत्यक्ष रूप से शामिल होना पूर्व से निर्धारित था, किंतु विधानसभा सत्र के कारण वे सिवनी नहीं पहुंच सकेंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री शंकराचार्य स्तंभ लोकार्पण कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से सहभागिता कर आयोजन को विशेष सम्मान प्रदान करेंगे।
24 घंटे में तैयार हुआ शंकराचार्य स्तंभ
इस स्तंभ के निर्माण हेतु सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन द्वारा अपनी विधायक निधि से राशि का प्रावधान किया गया। विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ ने व्यक्तिगत रुचि लेते हुए महज 24 घंटे में स्तंभ को लोकार्पण योग्य तैयार कराया। विधायक राय ने बताया कि यह स्तंभ आदि शंकराचार्य एवं ब्रह्मलीन द्विपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती जी की गरिमा और प्रतिष्ठा के अनुरूप निर्मित किया गया है। इसकी डिजाइन सनातन धर्म के मानबिंदुओं एवं धार्मिक प्रतीकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
तीन चरणों में निर्मित, ग्रेनाइट से सुसज्जित स्तंभ
श्री शंकराचार्य स्तंभ का निर्माण तीन स्टेप (चरणों) में किया गया है, जिसमें आकर्षक ग्रेनाइट पत्थरों की सजावट की गई है। आगामी दिनों में स्तंभ पर शंकराचार्य जी के प्रतीक चिन्ह — दंड एवं कमंडल को अष्टधातु से स्थापित किया जाएगा, साथ ही आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक रहेंगे उपस्थित
लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं गुरु परिवार के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजन को लेकर नगर एवं क्षेत्र में धार्मिक-सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।



