मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छत्रपति शिवाजी महाराज एवं सरसंघचालक श्रद्धेय गोलवलकर की जंयती पर किया पुण्य-स्मरण
Bhopal 19 February 2025
भोपाल यशो:- मोहन यादव ने हिन्दवीं स्वराज के संस्थापक, छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिवाजी महाराज ने मातृभूमि के सम्मान के साथ कभी समझौता नहीं किया। सच्चे अर्थों में शिवाजी महाराज ने भारत में धर्म, राष्ट्रीयता, न्याय और जनकल्याण के स्तम्भों के आधार पर सुशासन की स्थापना की थी। मां भारती के प्रति उनकी निष्ठा, त्याग और बलिदान से देशवासियों को अनंत काल तक प्रेरणा मिलती रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक श्रद्धेय श्री माधवराव सदाशिव गोलवलकर ‘गुरुजी’ की 119वीं जयंती के अवसर पर उनका पुण्य स्मरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गुरुजी ने अपना संपूर्ण जीवन एकता, अखंडता एवं जन-जन में राष्ट्रभक्ति के संचार के लिए समर्पित कर दिया। वे त्याग, तपस्या और अतुलनीय समर्पण के प्रतिबिंब थे। गुरु गोलवलकर का व्यक्तित्व सदैव देशवासियों को मां भारती की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उल्लेखनीय है कि माधवराव सदाशिव गोलवलकर जी का जन्म 19 फरवरी 1906 को नागपुर में हुआ था।




