शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल ने भाजपा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
निगम कर्मचारियों के हित में कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, कर्मचारियों की अविलम्ब वेतन किए जाने की उठाई मांग
Chhindwara 08 January 2025
छिंदवाड़ा यशो: – भाजपा की सरकार में किसान, युवा, महिला, आदिवासी वर्ग के साथ ही अब कर्मचारी वर्ग भी परेशान होकर हड़ताल की राह पर चल पड़ा है। नियमित रूप से अपनी सेवाएं देने के उपरांत भी वेतन का भुगतान नहीं होना सरकार के कर्मचारी विरोधी चेहरे को उजागर कर रहा है। वेतन के अभाव में निगम कर्मचारियों का घर चलाना मुश्किल हो गया और जिम्मेदार आश्वासन देने से पीछे नहीं हट रहे। शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल ने आज निगम कर्मचारियों के हित में आवाज बुलंद की।
शहर की सफाई व्यवस्था को संभालने के साथ ही नगर पालिक निगम से जुड़े सम्पूर्ण कार्यों को पूर्ण करने वाले कर्मचारी भाजपा की सरकार में वेतन के लिए तरस रहे। विगत दो माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज निगम कर्मचारियों ने काम बंद हड़ताल कर दी है जिससे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। हड़ताल को जायज ठहराते हुए आज कांग्रेस पार्षद दल ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर नारेबीज करते हुए नगर पालिक निगम छिन्दवाड़ा के कर्मचारियों की अविलम्ब वेतन किए जाने की मांग का ज्ञापन कलेक्टर के नाम प्रस्तुत किया।
शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिक निगम के कर्मचारियों का विगत दो माह से तनख्वा नहीं हुई है। कर्मचारी हड़ताल पर बैठा है जिससे शहर में साफ सफाई सहित निगम के कार्य प्रभावित हो रहे। वेतन का तत्काल भुगतान कर हड़ताल को समाप्त कराया जाए ताकि जिससे कि सम्पूर्ण कार्य यथावत प्रारंभ हो सके। निगम जिन कर्मचारियों के दम पर स्वच्छता में फाइव स्टार रैंकिंग का सपना देख रही है उन्हें ही वेतन का भुगतान नहीं कर रही।
शहर कांग्रेस व कांग्रेस पार्षद दल ने प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी भी दी है कि अगर अविलम्ब वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो कांग्रेस संगठन के द्वारा कर्मचारी हित में उग्र आंदोलन किया जावेगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव, श्रीमती हंसा अंबर दाढ़े नेता प्रतिपक्ष नगर पालिक निगम, श्रीमती किरण चौधरी महिला कांग्रेस अध्यक्ष, श्रीमती दीपा यादव शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष, श्रीमती रानू डेहरिया, श्रीमती संगीता पवार, श्रीमती सरला सिसोदिया, तरूण कराड़े, आकाश मोखलगाय, ब्रजेश उर्फ टिंकू राय, नौशीन शोबी कुरैशी, बबला पटेल, सरिता काले, नदीम अहमद, मुकेश उपाध्याय, जाकिर परवेज, प्रबल सक्सेना, वासुदेव शर्मा, प्रकाश मेहरोलिया, सुमित भावरकर, आशीष चौधरी, अर्जुन बघेल व फिरोज खान, अजय ठाकुर, समर्थ मैद, अभिषेक गुप्ता, संतोषी गजभिए, आरिफ ठाकुर, अभिषेक गुप्ता, संजू सोनी, गौरव पराते, अमित श्रीवास्तव, सचिन दुबे, अरूण शर्मा, शक्ति डोले, पप्पू भायदे, राजेश सोनी, पिंचू बैस, गुफरान अली, सुनील राय, अजय उइके, विनय राजपूत, प्रदीप इधाते व सतीश राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।



