सिवनीमध्यप्रदेश

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सिवनी में युवाओं को बांटे हेलमेट, ‘राहवीर योजना’ के तहत हिमांशु का किया सम्मान

हेलमेट लगाओ- जिंदगी बचाओ' अभियान को मिली नई गति, गोल्डन आवर में तीन लोगों की जान बचाने वाले बरघाट के हिमांशु बने प्रेरणा

सिवनी हेलमेट अभियान – सीएम ने बांटे हेलमेट, राहवीर योजना में हिमांशु सम्मानित

सिवनी यशो :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिवनी प्रवास के दौरान सड़क सुरक्षा और मानव सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण पहलें की गईं। सिवनी पुलिस द्वारा संचालित ‘हेलमेट लगाओ- जिंदगी बचाओ’ अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने कॉलेज के युवाओं को हेलमेट वितरित किए, वहीं ‘राहवीर योजना’ के तहत बरघाट निवासी हिमांशु को मानवता की मिसाल पेश करने पर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी में हेलमेट वितरण करते हुए एवं राहवीर योजना के तहत हिमांशु को सम्मानित करते हुए।
सिवनी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत युवाओं को हेलमेट वितरित किए और राहवीर योजना में हिमांशु का सम्मान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा की गारंटी है। एक हेलमेट पूरी जिंदगी बचा सकता है।” उन्होंने युवाओं से दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया।

गोल्डन आवर में बचाईं तीन जिंदगियां

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘राहवीर योजना’ के तहत बरघाट निवासी हिमांशु को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वर्ष 2025 में हिमांशु ने सड़क दुर्घटना में घायल तीन व्यक्तियों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस साहसिक और मानवीय कार्य की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “हिमांशु जैसे राहवीर समाज के सच्चे नायक हैं। उनका जज्बा हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।”

सिवनी पुलिस ने किया समन्वय

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के नेतृत्व में सिवनी पुलिस ने कार्यक्रम का समन्वय एवं व्यवस्थापन किया। कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश मुनमुन राय, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सिवनी पुलिस की अपील

सिवनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर हमेशा सतर्क रहें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने से न हिचकें। पुलिस ने कहा कि ‘गोल्डन आवर’ में दी गई सहायता किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकती है और हर नागरिक इस प्रकार एक जिम्मेदार राहवीर बन सकता है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!