सीएम हेल्पलाइन (MP Cm Helpline) में शिकायत कर्ता नहीं है संतुष्ट
नगर पालिका ने कहा पूरी प्रक्रिया नियमानुसार है
Chhindwara 01 June 2025
छिंदवाड़ा यशो:- आम आदमी की त्वरित समस्या के निराकरण और उसे संतुष्ट करने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्प लाइन भी अब अधिकारियों के हाथों मनमर्जी से खेलने का साधन बन गयी है ।लोग शिकायत अपनी समस्या के निराकरण के लिए लगाते है लेकिन इसका फायदा उन्हें नही मिल पाता जिनकी शिकायत वास्तविक रहती है बल्कि इसका लाभ उन्हें मिल जाता है जो या तो फर्जी शिकायत लगाते है या किसी फर्जी नाम से शिकायत लगाते है ।यह कहना है सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत लगाने वाले एन एल चौरसिया का ।उनके मुताबिक उन्होंने ट्राइबल विभाग में नपा के माध्यम से तीन शिक्षकों की पदोन्नति से सम्बंधित शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की थी ।मामला नपा दमुआ से जुड़ा हुआ था लिहाज़ा यहाँ जांच की बात कही गयी ।बाद में नपा प्रशासन ने अपने ढंग से प्रतिवेदन बनाकर प्रस्तुत कर दिया और शिकायत बन्द किए जाने की अनुशंसा कर दी ।मामला जब शिकायत कर्ता के संज्ञान में आया तो उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से दुबारा संपर्क किया और इसके बाद उनकी शिक़ायत फिर से पोर्टल पर दर्ज की गयी ।
उधर इस मामले में प्रभारी नपाधिकारी अजय ठाकरे ने कहा कि नपा ने सब कुछ प्रक्रिया के अनुसार किया है शिक्षकों को पदोन्नति में नपा प्रशासन के अलावा ट्राइबल विभाग भी शामिल था यदि शिकायत कर्ता को नपा प्रशासन के प्रतिवेदन से संतुष्टि नही है तो उन्हें ट्राइबल विभाग से संपर्क करना चाहिए उसके अलावा वे अपील या न्यायालय की शरण मे भी जा सकते है ।
यह था मामला
शिकायत कर्ता एन एल चौरसिया के मुताबिक पूरे प्रदेश में छिंदवाड़ा जिले का दमुआ निकाय इकलौता है जिसने माननीय न्यायालय और मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेश को धता बताते हुए तीन शिक्षकों का साठगांठ और अपनी मनमानी से प्रमोशन कर दिया। इससे शासन के वरिष्ठ लोक सेवक सुपरसीट हो गए है। उपेक्षित शिक्षकों में असंतोष है। पूरा मामला तब उजागर हुआ जब इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज हुई। शिकायत के दर्ज होते ही स्थानीय निकाय एवं और ट्राइबल विभाग के अधिकारियों और पदोन्नत कर्मचारियों में हड़कम्प मच गया। निकाय प्रशासन अब मामले को दबाने की हर सम्भव कोशिश कर रहा है। पहली शिकायत को शिकायत कर्ता की संतुष्टि के बिना ही बन्द करवा दिया गया। शिकायत कर्ता ने मामले में पुन: शिकायत कर दी है।



