खेत में उतरे CM मोहन यादव, किसानों संग रोपा धान, सिवनी पर बरसी ₹494 करोड़ की विकास सौगात
बालाघाट-सिवनी फोरलेन, कॉलेज और स्टेडियम सहित कई नई घोषणाएं
सीएम मोहन यादव धान रोपाई – किसानों संग धान रोपण, ₹494 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, UCC पर भी बड़ा ऐलान
Seoni 01 July 2026
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को सिवनी जिले के धान महोत्सव एवं कोदो-कुटकी बोनस वितरण समारोह में किसानों के बीच पहुंचकर खेत में धान रोपाई की, उनके साथ भोजन किया और आत्मीय संवाद कर अपनी सादगी का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 349.33 करोड़ रुपये के 586 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 144.80 करोड़ रुपये के 43 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क, छपारा विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय एवं स्टेडियम सहित कई नई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदर्शनी का अवलोकन किया, कन्या पूजन किया और किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की धान को जीआई टैग मिलने से किसानों की पहचान और सम्मान बढ़ा है।
कोदो-कुटकी किसानों को मिला बोनस
मुख्यमंत्री ने बताया कि रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 3,941 किसानों को 282.99 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की गई।
सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ बोनस भी दे रही है तथा पहली बार शासकीय स्तर पर कोदो-कुटकी की खरीदी शुरू की गई है।
संबल योजना से श्रमिक परिवारों को राहत
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के तहत 16,754 श्रमिक परिवारों के खातों में 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और दिव्यांगता पर 1 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है।
धान उत्पादकों को मिलेगा भावांतर का लाभ
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश में धान उत्पादक किसानों के लिए भी भावांतर योजना लागू की जाएगी।
इससे किसानों को एमएसपी और बाजार मूल्य के बीच का अंतर सरकार देगी। उन्होंने कहा कि सरकार खेत से बाजार तक मूल्य संवर्धन की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मानसून और श्रीअन्न पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मानसून कमजोर रहता है तो किसानों को कोदो-कुटकी, ज्वार, बाजरा और अन्य श्रीअन्न फसलों पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार श्रीअन्न की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर तेजी से काम कर रही है तथा डिंडोरी की सीताही कुटकी, नागदमन कुटकी और बैगनी अरहर को जीआई टैग मिल चुका है।
UCC पर बड़ा बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इसी माह मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 लाख से अधिक नागरिक इस पहल का समर्थन कर चुके हैं।
यह भी पढ़े :–विद्याभारती महाकौशल प्रांत की प्रांतीय प्राचार्य/प्रधानाचार्य बैठक सम्पन्न
मुख्य घोषणाएं
- 349.33 करोड़ के 586 विकास कार्यों का लोकार्पण।
- 144.80 करोड़ के 43 कार्यों का भूमि-पूजन।
- बालाघाट-सिवनी फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा।
- छपारा में शासकीय महाविद्यालय और स्टेडियम की स्थापना।
- 3,941 किसानों को कोदो-कुटकी बोनस।
- 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ की सहायता।
- धान उत्पादकों के लिए भावांतर योजना लागू करने की घोषणा।
- मध्यप्रदेश में UCC लागू करने हेतु प्रस्ताव लाने का ऐलान।
https://www.un.org/en/climatechange/what-is-renewable-energy



