छिंदवाड़ामध्यप्रदेश
काम न करने वाले ठेकेदारों को टर्मिनेट करने की कार्यवाही के कलेक्टर ने निर्देश दिए
विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक… समय सीमा में निर्माण कार्यों की पूर्णता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश लंबित कार्यों की धीमी गति पर की नाराजगी व्यक्त
Chhindwara 22 November 2024
छिन्दवाड़ा यशो:- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह (Collector Shilendra Singh) ने विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यो की समीक्षा बैठक (review meeting) ली। यह बैठक दो सत्रों में आयोजित की गई थी जिसमें प्रथम सत्र में सड़क संबंधी विभागों में लोक निर्माण विभाग, एम.पी.रोड डेव्लपमेण्ट कार्पोरेशन, एन.एच.ए.आई., पी.एम.जी.एस.वाय.आदि के अधिकारियों के साथ प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई तो वहीं दूसरे सत्र में भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों में पी.आई.यू., हाउसिंग बोर्ड, म.प्र. भवन विकास निगम, स्वास्थ्य विभाग, म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, ट्राइबल विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने प्रत्येक निर्माणाधीन कार्य के लिए आगामी 15 दिवस में अपेक्षित प्रगति का अगला स्तर भी निर्धारित किया जिसके अनुसार आगामी बैठक में प्रगति की समीक्षा की जायेगी। उन्होनें सभी विभागों को निर्देश दिये कि वे अपने संसाधन जैसे मशीनरी और मानव संसाधन की संख्या पर्याप्त रखें ताकि कार्य समय सीमा में पूरा हो सके।
प्रथम सत्र: सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा –
पहले सत्र में सड़क निर्माण से संबंधित विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें लोक निर्माण विभाग, एम.पी. रोड डेव्लपमेण्ट कार्पोरेशन, एन.एच.ए.आई., और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों ने भाग लिया। निर्माण कार्यों में देरी पर कड़ी नाराजगी – कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि ठेकेदारों की लापरवाही के कारण आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कें विकास और सुविधा का मुख्य आधार हैं और इनकी गुणवत्तापूर्ण समय पर पूर्ति आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि लापरवाह ठेकेदारों को टर्मिनेट किया जाए और निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
पातालकोट (Patalkot) मार्ग के निर्माण पर जोर –
कलेक्टर श्री सिंह ने छिंदी से पातालकोट मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पातालकोट एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और सड़क खराब होने के कारण पर्यटन को नुकसान हो रहा है।
द्वतीय सत्र: भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा – दूसरे सत्र में भवन निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें पी.आई.यू., हाउसिंग बोर्ड, म.प्र. भवन विकास निगम, स्वास्थ्य विभाग, म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी और ट्राइबल विभाग शामिल थे। कलेक्टर श्री सिंह ने भवन विकास निगम को निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल के कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, छात्रावासों, प्राथमिक, सामुदायिक और उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान बैठक में सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।





