कलेक्टर संस्कृति जैन ने समस्त बीएमओ के वेतन पर लगायी रोक
Seoni 16 April 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिला कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग विकास खंड चिकित्सा अधिकारियों पर शासन की मंशा के अनुसार कार्य न करने के पर नाराजगी व्यक्त की और सभी के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिये है तथा सीएम हेल्प लाइन के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिये है ।
कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में बुधवार 16 अप्रैल को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सी एल चनाप, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे, वहीं खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सीएम हेल्पलाईन, समय-सीमा में दर्ज प्रकरण, जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण स्थिति, विभिन्न आयोग से प्राप्त पत्रों में लंबित कार्यवाही के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं में प्रगति की समीक्षा कर आवयक दिशा-निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिये। कलेक्टर सुश्री जैन ने विभागवार सीएम हेल्प लाईन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपेक्षा अनुरूप कार्यवाही न करने पर नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने सभी बीएमओ के वेतन आहरण में आगामी आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समाधान एक दिवस में चयनित विषयों सें संबंधित शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है।
कैंप लगाकर प्रकरण निराकृत करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री जैन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्ट्री, ई-केवायसी तथा स्वामित्व योजना के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने अनुभाग के ग्रामों में कैंप आयोजित कर आधार ई-केवायसी तथा पीडीएस दुकानों में हितग्राहियों के ई-केवायसी पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं।
पुराने जल स्रोतो की साफ सफाई तथा मरम्मत के निर्देश
कलेक्टर सुश्री जैन ने जलगंगा संवर्धन अभियान की जिले में क्रियान्वयन स्थिति की भी समीक्षा करते हुए ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को अभियान के दौरान पुराने जल स्त्रोतों के उन्नयन के लिए पुरानी बावड़ी, तालाब आदि की साफ-सफाई तथा मरम्मत के निर्देश दिये हैं। उन्होंने अभियान के दौरान अधिकतम अमृत सरोवर, निर्मल नीर, पुराने तालाबों के जीर्णोंद्धार तथा वृक्षा रोपण की कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।
कलेक्टर सुश्री जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन हितग्राहियों को जोडऩे के लिए चलाये जा रहे सर्वे प्रगति की समीक्षा कर सभी जनपदों के अधिकारियों को लंबित सर्वे कार्य तेजी से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर सुश्री जैन ने ई-ऑफिस प्रणाली पर संपूर्ण विभागीय कार्य संपन्न करने के लिए विभागों द्वारा की गई कार्यवाही की भी जानकारी लेकर अधिकारियों को पूर्ण रूप से ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने के निर्देश दिये हैं।


