WhatsApp Image 2026-03-17 at 4.22.34 PM (1)
छिंदवाड़ाराजनीतिसिवनी

छपारा के सैटिंगबाज ठेकेदार को लेकर कांग्रेस, अमरवाड़ा विधायक पर हमलावर

भाजपा के नेता कर रहे सरकारी धन का दुरुपयोग – कमलभान शा, निर्माण कार्य हुआ नहीं और निकाल ली राशि

 Chhindwara 07 April 2025

छिंदवाड़ा यशो:- चाल, चरित्र व चेहरे की दुहाई देने वाले भाजपा नेताओं की चाल बिगड़ चुकी है, चरित्र मलिन हो चुका और चेहरा लूट खसोट के लिए लालसा से भरा हुआ है। क्षेत्र के विकास व जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रदत्त शासकीय योजनाओं की राशि पर भाजपा के नेता बंदरबांट मचा रहे। उक्त उदगार आज कांग्रेस के बटकाखापा ब्लॉक अध्यक्ष कमलभानशा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।

श्री कमलभानशा ने अपने जारी बयान में आगे कहा कि मुख्यमंत्री अधो संरचना योजना के तहत अमरवाड़ा विधानसभा को विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु 15 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की है। प्रदत्त राशि का खुले तौर पर भाजपा के विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह व भाजपा सरपंच के द्वारा जमकर दुरुपयोग किया जा रहा।

हर्रई के ग्राम सांवलाखेड़ा के बरियाढ़ाना नाला पर स्टॉप डेम निर्माण एवं रातेर से गांगई तक ग्रेवल सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपए की राशि निकाल ली गई, किन्तु दोनों ही कार्य जबकि अभी तक दोनों ही कार्य पूर्ण नहीं हो पाए है। निर्माण कार्य के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है जिससे आमजन को सुविधा की बजाए असुविधा का ही सामना करना पड़ रहा है। वन विभाग की अनुमति के बगैर ही वन विभाग की भूमि पर सड़क का भी निर्माण कर लिया गया जिसके चलते वन विभाग द्वारा निर्माण रोक दिया गया है।

कमलभान ने जारी बयान में आगे कहा कि दोनों ही निर्माण कार्य के लिए भाजपा विधायक कमलेश प्रताप शाह व भाजपा के ग्राम सरपंच के द्वारा 48,73360 की राशि निकाली जा चुकी है। यह स्थिति केवल दो कार्यों की है, शेष की जानकारी भी कांग्रेस के द्वारा जुटाई जा चुकी है। अन्य कार्यों में भी भाजपा विधायक के संरक्षण में इसी तरह के गोलमाल किए गए हैं। सचिव पर तत्काल कार्रवाई करने के साथ ही सम्पूर्ण भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच नहीं की जाती है तो कांग्रेस के द्वारा उग्र आंदोलन व धरना प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।

भाजपा विधायक का छपारा कनेक्शन

जारी बयान के अंत में कमलभान शा ने कहा कि भाजपा विधायक कमलेश प्रताप शाह शासकीय योजनाओं के तहत स्वीकृत सम्पूर्ण कार्यों को केवल हर्रई क्षेत्र में ही कराना चाहते हैं। विधानसभा के अन्य इलाकों पर उनका कोई ध्यान नहीं है। इतना ही नहीं हर्रई व अमरवाड़ा क्षेत्र में होने वाले कार्यों में लगने वाली सामग्री स्थानीय विक्रेताओं व ठेकेदारों से खरीदने की बजाए सिवनी जिले के छपारा से ही खरीदी जाती है अथवा वहां के ठेकेदारों को ही लाभ पहुंचाया जाता है। विधायक श्री शाह का छपारा कनेक्शन क्या है ? आखिर उनका वहां से क्या जुड़ाव है जिसके लिए वे अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों अथवा ठेकेदारों को भी दरकिनार कर रहे हैं। सम्पूर्ण मामलों की जांच शासन स्तर पर गम्भीरता व निष्पक्षता के साथ की जानी चाहिए। अन्यथा यह माना जावेगा कि सम्पूर्ण भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की पनाह में ही हो रहा है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!