नगर पालिका परिषद के सामने कांग्रेस पार्षदों की भूख हड़ताल, महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी
कांग्रेस नेताओं का समर्थन, आगे भी आंदोलन की चेतावनी
Seoni 26 August 2025
सिवनी यशो:- नगर पालिका परिषद कांग्रेस पार्षद दल ने मंगलवार को नगर पालिका मुख्यालय के सामने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भूख हड़ताल शुरू की। पार्षदों का कहना था कि नगर के नागरिकों की बुनियादी सुविधाएँ जानबूझकर रोकी जा रही हैं और वार्डवासियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
ये रहीं मुख्य माँगें
-
अवैध कॉलोनी के नाम पर मूलभूत सुविधाएँ रोकी जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास के प्रकरण लंबित रखकर हितग्राहियों से रकम की माँग की जा रही है।
-
कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बदली नहीं जा रही, सामान की कमी का बहाना बताया जाता है।
-
नगर में आवारा पशु और कुत्तों की समस्या से जनता परेशान है, तत्काल कार्रवाई की जाए।
-
संपत्ति आईडी और राशन पोर्टल 4 माह से बंद हैं, इन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए।
-
नगर में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव हो ताकि आगामी धार्मिक आयोजनों में जनता को राहत मिल सके।
-
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की प्रक्रिया सरल हो, नोटशीट चलाने की जटिलता खत्म की जाए।
-
जल कर की 2019 से 2025 तक की अंतर राशि की वसूली बंद की जाए और इसकी जिम्मेदारी अधिकारियों पर तय की जाए।
-
समग्र आईडी से बिना सूचना नाम काटे गए परिवारों को निशुल्क पुनः जोड़ा जाए।
-
कार्यवाहक अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने के बाद अब तक पीआईसी की बैठक नहीं हुई, तत्काल बैठक आहूत की जाए।
हड़ताल पर बैठे पार्षद
शफीक खान, चंदन सिंह खताबिया, आकांक्षा शीबू सेंगर, सोहेल पाशा, राहुल बघेल, नेहा धीरज प्रथ्यानी, राजिक अकील, इसरत नब्बू, मेहमूद भाई, ज़ोएब ज़की, अनवर खान समेत कई पार्षद हड़ताल पर बैठे।
तहसीलदार और CMO पहुँचे, हड़ताल खत्म
मामले की गंभीरता देखते हुए तहसीलदार सिवनी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौके पर पहुँचे। पार्षदों से चर्चा कर CMO ने वार्डों में तत्काल डस्ट, मुरम और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने का भरोसा दिया। तहसीलदार ने CMO को नियम अनुसार पीआईसी की बैठक कराने निर्देशित किया और अन्य माँगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।
इसके बाद भूख हड़ताल कर रहे पार्षदों को जीरा-सोडा पिलाकर हड़ताल समाप्त कराई गई।
बड़ी संख्या में महिलाएँ भी शामिल
किदवई वार्ड पार्षद चंदन खताबिया के भूख हड़ताल पर बैठने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएँ भी समर्थन के लिए पहुँच गईं। तीजा व्रत रखी हुई महिलाएँ भी इस दौरान पार्षदों के साथ बैठीं, जिससे आंदोलन को और मजबूती मिली।
कांग्रेस नेताओं का समर्थन
हड़ताल में कांग्रेस नेताओं ने भी पहुँचकर पार्षदों का समर्थन किया। इनमें राजकुमार खुराना, राजा बघेल, जे.पी.एस. तिवारी, अतुल मालू, ध्रुव नारायण चौधरी, विष्णु करोसिया, संतराम कुल्हाड़े, मुबारक खान, राजा मुबीन, अस्सू खान, वसीम, आबिद, टिकेन्द्र देशमुख, जय प्रकाश परिहार, कफील खान, असर खान और धनंजय सिंह चंदेल शामिल रहे।
कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि जब तक नगर की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलनात्मक कार्यक्रम जारी रहेंगे।



