केवलारी में करंट से गाय की मौत, बड़ा हादसा टला
रेलवे स्टेशन रोड पर बिजली के पोल में फैल रहा था करंट, लापरवाही पर उठे सवाल
Seoni 04 July 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के केवलारी नगर से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सोमवार रात विश्रामगृह के सामने लगे एक बिजली के पोल में करंट फैलने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब इलाके में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही और सड़कें गीली थीं।
पोल के नीचे तड़पती रही गाय, लोगों में दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे एक युवक जब रेलवे स्टेशन रोड स्थित विश्राम गृह के सामने से गुजर रहा था, तभी उसने देखा कि एक गाय बिजली के पोल के पास तड़प रही है। कुछ ही क्षणों में गाय ने दम तोड़ दिया। पोल के नीचे धुआं उठने लगा और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
गनीमत रही कि उस समय कोई व्यक्ति पोल के निकट नहीं गया, वरना मानव हानि की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और पोल की मरम्मत शुरू की गई। जब तक बिजली काटी नहीं गई, इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
प्रशासन और बिजली विभाग पर उठे सवाल
इस हादसे ने प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह पूरा इलाका रिहायशी क्षेत्र है और वहां इस प्रकार की बिजली संबंधी लापरवाही से किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृत गाय किसकी थी, लेकिन इस घटना ने यह जरूर उजागर कर दिया कि बिजली के खतरनाक ढांचे और खराब प्रबंधन से जनजीवन खतरे में है।
स्थानीय लोगों की मांग: दोषियों पर हो कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर रोष व्यक्त किया है और स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे पोलों की जांच की जाती, तो गाय की जान बचाई जा सकती थी और लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती।



