अनफिट, ओवरलोड और खतरनाक वाहनों पर शिकंजा
अनफिट, ओवरलोड और खतरनाक वाहनों पर शिकंजा
3 माह में 3,216 वाहनों पर कार्रवाई, ₹48.44 लाख का राजस्व वसूला
मंडला यशो:- परिवहन आयुक्त मध्यप्रदेश उमेश जोगा के निर्देशानुसार जबलपुर संभाग के अंतर्गत मंडला जिले में परिवहन विभाग द्वारा सड़कों पर संचालित अनफिट, ओवरलोड एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
संभागीय परिवहन सुरक्षा स्क्वाड, जबलपुर संभाग द्वारा जिले के विभिन्न मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई मोटर वाहन अधिनियम, 1988 एवं मध्य प्रदेश मोटर यान कराधान अधिनियम, 1991 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
फिटनेस, परमिट और ओवरलोडिंग पर सख्त निगरानी
विभागीय टीम द्वारा ट्रक, यात्री बसों एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस, परमिट, टैक्स, बीमा, ओवरलोडिंग तथा सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की जा रही है। अनफिट एवं खतरनाक स्थिति में संचालित वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
3 माह में 3,216 वाहनों पर कार्रवाई
परिवहन विभाग द्वारा पिछले तीन माह में कुल 3,216 वाहनों के विरुद्ध चलानी कार्रवाई करते हुए ₹48,44,200 का राजस्व वसूल किया गया। दस्तावेजों की कमी, टैक्स अदायगी में लापरवाही एवं अन्य नियम उल्लंघनों पर यह कार्रवाई की गई।
उड़नदस्ता की विशेष कार्रवाई
यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा 30 से 50 यात्री बसों की जांच की गई। जांच के दौरान कई बसों में इमरजेंसी गेट के सामने लगी सीटें एवं डिवाइडर हटवाए गए, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित निकास मिल सके।
इसके अतिरिक्त लगभग 30 वाहनों में मैकेनिकल खामियां पाए जाने पर उनके फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए गए।
सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोड ट्रक, ब्रेक फेल अथवा तकनीकी रूप से खराब भारी वाहन सड़क पर जानलेवा साबित हो सकते हैं। ऐसे वाहनों के विरुद्ध आगे भी निरंतर और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



