सिवनी यशो:- हाल ही में समाप्त हुए विश्व क्रिकेट कप मैच से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 22 हजार करोड़ रुपए कमाया है। इतनी बड़ी धनराशि से देश के करीब 32 करोड़ लोग जो रोज रात को भूखे सोते हैं, इनको भुखमरी और कुपोषण से मुक्ति दिलाई जा सकती है।
उक्ताशय के विचार व्यक्त करते हुए रविदास शिक्षा मिशन सिवनी के अध्यक्ष रघुवीर अहरवाल ने बताया कि विश्व क्रिकेट मैच से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 22 हजार करोड़ कमाया है, यह बहुत बड़ी धनराशि है। क्रिकेट विश्व कप के आयोजन के तमाम खर्च काटकर भी बोर्ड के पास करीब 15 हजार करोड़ शुद्ध बचत होगी। इस धनराशि से देश के करीब 32 करोड़ लोगों को भुखमरी और कुपोषण से बचाया जा सकता है, जो रोज रात को भूखे सोते हैं।
श्री अहरवाल ने आगे बताया कि देश के अनेक स्थानों पर कुछ अत्यंत दर्दनाक और मार्मिक दृश्य देखने को मिलते हैं जिसमें अनेक भूखे बच्चे और लोग शादी, पार्टियों आदि से बचे हुए फेंके गए भोजन से अपनी भूख मिटाते देखे जा सकते हैं। कुछ सामाजिक संस्थाए शादी और पार्टियों से बचे भोजन को एकत्र करके जरुरतमंद लोगों तक पहुंचाने का कार्य भी करती हैं। इस चित्र को देखकर देश के करोड़ो गरीबों की दर्दनाक और मार्मिक दशा को समझा जा सकता है। ऐशोआराम की जिन्दगी जीने वाले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को इन गरीबों की हालत पर दया करना चाहिए।



