क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

आदिवासी से मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच की रखी मांग

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस आदिवासी भाइयों पर हो रहे अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेगी
प्रशासनिक तंत्र ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस रणनीति बनाकर आदिवासी भाइयों के हित में उठाएगी अगला कदम

Chhindwara 05 July 2025
छिंदवाड़ा यशो:- जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन प्रस्तुत कर अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हर्रई में आदिवासी युवक के साथ हुई मारपीट व घिनौने कृत्य बेहद निंदनीय है। इस घटना ने सम्पूर्ण मप्र ही नहीं बल्कि देश में छिन्दवाड़ा की छवि को धुमिल करने का कार्य किया है। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं जिले के पूर्व सांसद नकुलनाथ के कार्यकाल में ऐसी घटना कभी घटित नहीं हुई। उस दौर में पुलिस की सख्ती व सक्रियता साफ नजर आती थी, किन्तु वर्तमान में पुलिस अपराध रोकने में असफल है, क्योंकि जिले के सम्पूर्ण थानों व चौकियों में पुलिस अपने मूल कार्यों से इतर अन्य कार्यों में अत्याधिक शामिल है।

छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना संसदीय क्षेत्र में लगातार आदिवासी समाज के लोगों पर खासकर आदिवासी भाइयों पर अत्याचार हो रहे हैं। आए दिन हो रही आपराधिक वारदातों को रोकने में प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह विफल है या फिर अपराध में लिप्त गुंडे-बदमाशों को संरक्षण दिया जा रहा जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद है। हर्रई में आदिवासी भाई के साथ हुई जघन्य मारपीट की वारदात के पूर्व पांढुर्ना में एक आदिवासी भाई की निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के आरोपी आज भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है और पीडि़त परिवार न्याय की गुहार लगा रहा, किन्तु शासन और प्रशासन पूरी तरह से मौन है। कांग्रेस पीडि़त परिवार के साथ खड़ी है।

कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक से खुल व साफ शब्दों में कहा कि छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना संसदीय क्षेत्र में आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचार को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर समय रहते प्रशासनिक तंत्र ने उचित कार्रवाई प्रारंभ नहीं की तो कांग्रेस रणनीति बनाकर आदिवासी भाइयों की रक्षा के लिए अगला ठोस कदम उठाएगी।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 29 जून 2025 को ग्राम कुईयापानी में आदिवासी युवक के साथ मारपीट की गई जिसकी शिकायत हर्रई पुलिस थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा मारपीट करने वालों को गिरफ्तार भी किया गया परन्तु घटना के दूसरे दिन आदिवासी युवक के साथ अनैतिक कार्य की घटना भी सामने आई। एक आडियो में विधायक प्रतिनिधि द्वारा स्वयं स्वीकार किया गया है कि इस घटना को उसके द्वारा ही इस मामले में तुल दिया गया है। जिला कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने उक्त घटना की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई के लिए मांग की है।

ज्ञापन प्रस्तुत करते समय जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, अजय मैद,राजीव तिवारी, राजकुमार मिश्रा व शिव सिरसाम उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!