धर्मसिवनी

मुक़द्दस रमजान माह को लेकर विशेष साफ़-सफाई, पथ प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

सिवनी यशो:- मुस्लिम समाज का मुक़द्दस और पवित्र माह रमजान शरीफ़ 19 फरवरी (गुरुवार) अथवा 20 फरवरी (शुक्रवार) से प्रारंभ होने की संभावना है। चाँद के दीदार के अनुसार यदि 29 तारीख का चाँद 18 फरवरी (बुधवार) की रात्रि को दिखाई देता है, तो उसी रात्रि से तरावीह की नमाज़ शुरू हो जाएगी। यदि 30 का चाँद दिखाई देता है, तो तरावीह 19 फरवरी (गुरुवार) की रात्रि से आरंभ होगी और उसी रात्रि से सहरी कर पवित्र रोज़े की शुरुआत होगी।

रमजान माह में पाँच वक्त की नमाज़ के अतिरिक्त रात्रि में विशेष तरावीह की नमाज़ अदा की जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों, मदरसों एवं दरगाहों में एकत्र होकर अपने रब की इबादत करते हैं।

इसी को दृष्टिगत रखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सूफी मंज़ूर रज़ा क़ादरी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रमजान माह के दौरान सिवनी शहर सहित जिले के सभी नगर परिषदों एवं ग्राम पंचायतों—लखनादौन, छपारा, केवलारी, बरघाट, घंसौर, धनौरा, कुरई, ख्वासा, आदेगांव, कानीवाड़ा, भोमा, धूमा, बंजारी, किदरई, किदारपुर सहित अन्य मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।

  • नियमित एवं विशेष साफ़-सफाई व्यवस्था
  • निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति
  • मस्जिदों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास पथ प्रकाश
  • अफ़तारी के समय यातायात नियंत्रण

उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक से भी अपील की है कि रमजान शरीफ़ पर्व को ध्यान में रखते हुए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की जाए तथा अफ़तारी के समय मुस्लिम बहुल इलाकों में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाते हुए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि नमाज़ियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सूफी मंज़ूर रज़ा क़ादरी ने समस्त जिला मुस्लिम समाज से भी अपील की है कि रमजानुल मुबारक के पवित्र माह को सादगी, संयम और शांति के साथ मनाएँ। अपने-अपने मोहल्लों में साफ़-सफाई का स्वयं भी विशेष ध्यान रखें तथा अपने किसी भी कार्य से किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की तकलीफ़ न पहुँचे, इसका ख्याल रखें।

अंत में उन्होंने कहा कि रमजान केवल इबादत का ही नहीं, बल्कि संयम, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाला पवित्र माह है।

— सूफी मंज़ूर रज़ा क़ादरी
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, लब्बैक यूथ फोर्स
सिवनी, मध्यप्रदेश

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!