छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ: मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर भोपाल पहुंचेंगे लोकतंत्र सेनानी

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ: मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर भोपाल पहुंचेंगे छिंदवाड़ा व पांढुर्णा के 51 लोकतंत्र सेनानी

 Chhindwara 22 June 2025

छिंदवाड़ा यशो :- देश के लोकतंत्र पर लगे काले अध्याय ‘आपातकाल’ की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष आमंत्रण पर छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के 51 लोकतंत्र सेनानी एवं प्रहरी 26 जून को भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

यह जानकारी लोकतंत्र सेनानी संघ के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश पोफली ने दी। उन्होंने बताया कि आपातकाल को लेकर जनजागरण और स्मृति कार्यक्रमों की श्रृंखला में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिलों में प्रवास कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं। हर्रई, अमरवाड़ा और सिंगोड़ी में प्रवास पूरा हो चुका है, जबकि सौसर, पांढुर्णा, पीपला एवं लोधीखेड़ा में 22 जून को जनसंपर्क और संवाद होंगे।

संविधान की हत्या थी आपातकाल: पोफली

रमेश पोफली ने कहा कि आज संविधान की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस भूल गई है कि 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी सरकार ने अपने राजनीतिक हितों के लिए देश पर आपातकाल थोप दिया था। लाखों नागरिकों, विपक्षी नेताओं और पत्रकारों को जेल में डाला गया, संविधान को कुचला गया।

इस सिलसिले में प्रदेश सचिव अजय औरंगाबादकर, कार्यसमिति सदस्य दीनदयाल मोहने और श्री कोल्हे भी कार्यक्रमों में भाग लेकर ऐतिहासिक तथ्यों से युवाओं को अवगत कराएंगे।

25 जून को संभागीय कार्यक्रम, 26 को भोपाल यात्रा

25 जून को जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में छिंदवाड़ा के रमेश पोफली भाग लेंगे, जबकि श्री दीनदयाल मोहने पांढुर्णा जिले के सौसर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। अगले दिन भोपाल के राज्य स्तरीय आयोजन में 51 प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे, जहां लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान प्रस्तावित है।

 सेनानियों से सहभागिता की अपील

संघ के सचिव मोहन रोड़े, मधुकर पोफली, विलास नरोटे, अशोक पोफली, सुरेश विनोदे, राजेन्द्र राय, विनोद आठले और उपासराव अल्डक ने सभी सेनानियों और लोकतंत्र प्रहरियों से 25-26 जून के कार्यक्रमों में भाग लेने का आव्हान किया है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!