ईद पर फिलिस्तीन के समर्थन में नारे, वक्फ बिल के विरोध में प्रदर्शन
Seoni 31 March 2025
सिवनी यशो:- देशभर में ईद उल फितर का त्योहार मनाया जा रहा है । अमन की खुशहाली एवं भाईचारे के इस त्यौहार पर देश भर के ईदगाह में सोमवार को नमाज अदा की गई । वहीं सिवनी में भी ईद की नमाज के बाद एक दूसरे को लोग बधाई दे रहे थे। हालांकि, कुछ युवकों ने इस दौरान फिलिस्तीन के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी. इन लोगों ने इजरायल के विरोध में एवं प्रस्तावित वक्फ बिल के विरोध में नारेबाजी की इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस से जुड़े आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे इसके बावजूद काफी देर तक इस प्रकार की नारेबाजी होते रही। विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं के हाथों में वक्फ बिल, फिलिस्तीन के विरोध में तख्तियाँ थी और विरोध में निकला हुआ यह पूरा जुलूस लग रहा था । नेतन्याहू के मुर्दाबाद के नारे गूंज रहे थे । मीडिया कर्मियों ने इस अवसर के फोटो एवं वीडियो भी बनाये । पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम फिलहाल क्या एक्सन लिया है स्पष्ट नहीं हो सका है ।
सिवनी सहित देश और प्रदेश के कई स्थानों से जो खबरे आ रही है उसके अनुसार इस बार की ईद प्रेम और भाईचारे के सुखद संदेश, शुभकामनाओं के आदान प्रदान, गले मिलने और सेवइयां खाने तक सीमित नहीं रही। धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और राजनैतिक मुद्दों ने भी सुर्खियां बटोरीं। यह सवाल उठता है कि त्योहारों को विरोध प्रदर्शन का मंच बनाया जाना चाहिए या नहीं? क्या वक्फ बिल पर चर्चा संवाद के जरिए होनी चाहिए या सड़कों पर? और सबसे अहम—क्या वैश्विक मुद्दों को भारतीय राजनीति का हिस्सा बनाना सही है?
देश में लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि हर आवाज को सुना जाए, लेकिन इसकी आड़ में कट्टरता या उन्माद फैलाने की इजाजत नहीं दी जा सकती।



