छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति

विकसित कृषि संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ, 12 जून 2025 तक चलेगा विकसित कृषि संकल्प अभियान

जिले की सभी ग्राम पंचायतों तक अभियान पहुँचाया जाए: सांसद

Chhindwara 29 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र्र बनाने की परिकल्पना के तहत कृषि क्षेत्र को मुख्य धारा में लाने के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत आज से देशभर में की गई है। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक चलेगा। छिंदवाड़ा जिले में भी इस अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने हेतु छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, अन्य जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर शीलेंद्र सिंह द्वारा कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम से अभियान की जिले में शुरुआत की गई।

जिले की सभी ग्राम पंचायतों तक अभियान पहुंचाएं

सांसद ने जिले में अभियान के शुभारम्भ अवसर पर कहा कि जिले में कृषि क्षेत्र में लगातार नवाचार किये जा रहे हैं। भारत शासन की मंशा के अनुसार प्राकृतिक खेती को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाना है, ताकि रासायनिक उर्वरकों पर किसानों की निर्भरता कम होने के साथ ही पर्यावरण एवं मृदा स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके। तकनीकी दल को अभियान में प्रगतिशील कृषकों के द्वारा उनके अनुभवों को अन्य कृषकों से साझा करने के निर्देश दिये हैं।

कृषि में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि यह अभियान किसानों को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जब तक देश का किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक देश समृद्ध नहीं हो सकता। उन्होंने कृषि क्षेत्र में जल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सिंचाई जल की लगातार उपेक्षा चिंता का विषय है। किसानों से अपील की कि जल संरक्षण को प्राथमिकता दें और मिट्टी की सेहत के लिए डीएपी की बजाय एनपीके जैसे संतुलित उर्वरकों का उपयोग करें। कलेक्टर श्री सिंह ने तकनीकी दलों को निर्देशित किया कि वे जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, मृदा स्वास्थ्य, नरवाई प्रबंधन, एक पेड़ माँ के नाम अभियान तथा प्राकृतिक खेती से जुड़ी जानकारियां भी किसानों तक पहुँचाएं ताकि खरीफ सीजन की शुरुआत से ही किसान इन तकनीकों का लाभ ले सकें।

इसके साथ ही, एफपीओ के माध्यम से किसानों को फसल प्रोसेसिंग और मार्केटिंग से जोडऩे पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान पात्र किसानों को बीज ग्राम योजना, नेशनल फूड सिक्योरिटी मिशन एवं नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल सीड जैसी योजनाओं के अंतर्गत प्रमाणित बीजों का वितरण भी किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों को समय पर गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराना और उत्पादन की गुणवत्ता को सुधारना है। जिले में अभियान के प्रभावी संचालन हेतु कुल 6 दलों का गठन किया गया है।

इन दलों में कृषि वैज्ञानिकों के साथ कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन और कृषि अभियांत्रिकी विभागों के अनुभवी अधिकारी शामिल किए गए हैं। प्रत्येक दल के लिए ग्राम पंचायतवार रूटचार्ट भी तैयार किया गया है, जो मैदानी अमले से प्राप्त कार्ययोजना के अनुसार निर्धारित किया गया है। इस सुनियोजित व्यवस्था के माध्यम से जिले के हर किसान तक वैज्ञानिक जानकारी, योजनाओं का लाभ और नवाचारों की प्रेरणा पहुँचाई जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!