सिवनी यशो:- जिला मुख्यालय से नागपुर रोड पर स्थित ग्राम सीलादेही की सुरम वादियों में स्थापित माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में विगत दिवस आंवला नवमीं के पावन पर्व पर प्रात: काल से ही महिलाओं ने पहुंचना आरंभ कर दिया था। इस परिसर में विगत धनतेरस के दिन से माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा की स्थापना भी समिति द्वारा की गई है, जहां सुबह 7 बजे पूजन उपरांत मां अन्नपूर्णा को छप्पन भोग का अर्पण प्रतिदिन किया जा रहा है।
वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा आंवला नवमीं के अवसर पर विशेष व्यवस्थाऐं की गई थी जहां महिलाओं एवं पुरूषों क सुविधा के लिए पूजन-अर्चन हेतु प्रसाद, फूल एवं अन्य सामग्रियों का विक्रय करने हेतु दुकानों की व्यवस्था करायी गई। इस परिसर में सैकड़ों की संख्या में आंवले के वृक्ष लगे हुए है, जिनका पूजन अर्चन विधि विधान के अनुसार महिलाओं ने किया।
वर्षों पूर्व इस निर्जन पहाड़ी पर स्व. गोविंद नेमा के नेतृत्व में समिति न भारी संख्या में पौधों का रोपण किया था जो आज जंगलों में तब्दील हो गये है, जहां पूरे दिन मुख्यालय सिवनी और ग्रामीण अंचलों से पहुंचे परिवारों ने पूजन के उपरांत घर से लाये पकवानों का आनंद उठाया। दोपहर 2 बजे से परिसर में ही स्थानीय कलाकारों द्वारा देवीगीत व भजनों की अनुपम प्रस्तुती दी गई, जिसका आनंद उपस्थित श्रद्धालुओं ने उठाया।
ज्ञात रहे कि आगामी 26 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के विशेष अवसर पर इसी परिसर में स्थापित माता अन्नपूर्णा की पूजा-अर्चना प्रकांड पडितों की उपस्थिति में प्रात: काल होगी, जिसके बाद हवन-पूजन उपरांत समिति एवं श्रद्धालुओं के सौजन्य से छप्पन भोग का अर्पण भी होगा, जिसके उपरांत दोपहर 12 बजे से दाल बाफले का प्रसादी वितरण सभी के लिए रखा गया है।





