पेंच रिसॉर्ट्स में गंदगी और लापरवाही उजागर: खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, कई होटलों को नोटिस
कलेक्टर के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई, रसोई में गंदगी और अस्वच्छ भंडारण पर रिसॉर्ट संचालकों को चेतावनी
Seoni 11 December 2025
सिवनी यशो:- पेंच टाइगर रिज़र्व जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र में साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई प्रतिष्ठित रिसॉर्ट और होटलों में गंदगी, अव्यवस्था और खाद्य सामग्री के गलत तरीके से भंडारण के गंभीर मामले उजागर हुए हैं।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सोनू तिवारी के नेतृत्व में पेंच रिसॉर्ट औचक निरीक्षण कार्रवाई ने पेंच पर्यटन क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी।
टीम ने ताज सफारी रिसॉर्ट, साज होटल रिसॉर्ट, और जंगल कैंप प्राइवेट लिमिटेड रिसॉर्ट में खाद्य सामग्री की स्थिति की जांच की। कई जगह रसोई घर गंदगी से भरे मिले, कच्ची सामग्री बदहाल स्थिति में पड़ी मिली और खाद्य पदार्थ अस्वच्छ वातावरण में रखे पाए गए।

कौन-कौन से खाद्य नमूने लिए गए
-
ताज सफारी रिसॉर्ट : पाव, रोस्टेड चना चपटा
-
साज होटल रिसॉर्ट : तुअर दाल, उड़द दाल, पनीर
-
जंगल कैंप प्रा. लि. रिसॉर्ट : पनीर, मफिन्स, गुड़, मूंगफली दाना
इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा गया है।
कई रिसॉर्ट्स को सुधार नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान पाई गई लापरवाही पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत इन प्रतिष्ठानों को इंप्रुवमेंट नोटिस जारी किया गया।
टीम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि—
“खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं भंडारण में सुधार नहीं किया गया तो आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
पर्यटन क्षेत्र की छवि पर असर
पेंच में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या प्रतिवर्ष बढ़ती है,
ऐसे में रिसॉर्ट्स में पाई गई गंदगी और किचन की बदहाल हालत पर्यटन क्षेत्र की छवि पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि—
पेंच का नाम खराब करने वाली किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सतत कार्रवाई जारी रहेगी
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि-
जिले भर में इस तरह के निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे
ताकि पर्यटन क्षेत्र तथा शहर दोनों में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



