सिवनीमध्यप्रदेश

सोशल मीडिया पर विधायक के खिलाफ बढ़ रहा असंतोष? विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनता उठा रही सवाल

सड़क, पानी, बिजली और भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सोशल मीडिया पर तेज हुई नाराज़गी

सिवनी/केवलारी यशो :- केवलारी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों, पेयजल संकट, सड़क, बिजली तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर स्थानीय नागरिकों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।

विभिन्न वीडियो और पोस्ट में कुछ लोग वर्तमान विधायक ठाकुर रजनीश सिंह के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं।

सिवनी/केवलारी। कभी राजनीतिक दृष्टि से प्रभावशाली मानी जाने वाली केवलारी विधानसभा आज कई मूलभूत समस्याओं को लेकर चर्चा में है। कृषि संपन्न क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवलारी, उगली और कान्हीवाड़ा जैसे प्रमुख कस्बों में बस स्टैंड जैसी सार्वजनिक जगहों पर अब भी शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।

क्षेत्र के कई ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि पेयजल संकट, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध न होना, अनियमित बिजली आपूर्ति तथा बरसात में सड़कों और पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। इन मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर भी कई वीडियो और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिनमें स्थानीय लोग अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

कुछ नागरिकों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यदि किसी मामले में भ्रष्टाचार या नियमों के उल्लंघन के ठोस प्रमाण हैं, तो उनकी जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जानी चाहिए।

सोशल मीडिया पर प्रसारित इन वीडियो और पोस्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विधायक का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button