हरई जागीर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण
व्यवस्थाओं की सराहना, बीमारियों की रोकथाम हेतु दिए निर्देश
Chhindwara 04 July 2025
हरई जागीर यशो:- गत दिवस छिंदवाड़ा जिले के कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह (अमरवाड़ा), एसडीओ अमरवाड़ा, तहसीलदार हरई, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी हरई ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरई जागीर के निरीक्षण पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और बीएमओ डॉ. रानी वर्मा के कुशल नेतृत्व की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अस्पताल परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्थित कार्य प्रणाली और स्टाफ की तत्परता से संतुष्ट होकर उन्होंने स्टाफ नर्स श्रीमती मंजू सरसकर की भी विशेष रूप से सराहना की।
कलेक्टर ने कहा कि “किसी भी प्रकार की समस्या हो तो बिना झिझक मुझे तुरंत फोन पर सूचित करें।”
उन्हें अस्पताल में करीब एक घंटे तक ठहरकर संपूर्ण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सभी पदस्थ डॉक्टरों व कर्मचारियों की बैठक ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु में मलेरिया, टाइफाइड, डेंगू, उल्टी-दस्त आदि बीमारियों की रोकथाम के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाएं और गर्भवती व धात्री महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सतत क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं स्टाफ की टीम भावना और कार्य निष्पादन की खुले दिल से सराहना की।



