मंडलाराजनीति

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर मंडला में जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न

15 अगस्त तक चलेगा “संकल्प से सिद्धि” अभियान, जनता तक पहुंचाई जाएंगी उपलब्धियां

Mandla 06 June 2025 
मंडला यशो: — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंडला जिला भाजपा कार्यालय में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास यात्रा को आमजन तक पहुँचाना है।
कार्यशाला की शुरुआत भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में ऐतिहासिक प्रगति की है और वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है।

15 अगस्त तक “संकल्प से सिद्धि” अभियान

मिश्रा ने बताया कि आगामी 5 जून से 15 अगस्त तक “संकल्प से सिद्धि” अभियान के अंतर्गत मंडल व जनपद स्तर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मोदी सरकार की नीतियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
प्रत्येक कार्यक्रम के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें डॉ. संजय कुशराम (संकल्प से सिद्धि), जयदत्त झा (पर्यावरण दिवस), अखिल सिहारे (योग दिवस), नरेश चंद्रोल (बलिदान दिवस), और राजेश जैन (आपातकाल स्मृति) प्रमुख हैं।

कार्यकर्ताओं को सौंपे गए दायित्व

कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी से आग्रह किया गया कि वे जनता से सीधा संवाद कर मोदी सरकार की योजनाओं को सरल भाषा में समझाएं और लाभार्थियों की कहानियों को साझा करें।

आपातकाल पर तीखी टिप्पणी

कार्यक्रम प्रभारी राजेश जैन ने आपातकाल को भारत के लोकतंत्र पर काला धब्बा बताया और कहा कि कांग्रेस सरकार ने उस दौर में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला और हजारों लोगों को यातनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उस दमन का मुकाबला कर आज लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका निभाई है।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

बलिदान दिवस प्रभारी नरेश चंद्रोल ने डॉ. मुखर्जी को एक महान राष्ट्रभक्त और भारत की एकता के प्रतीक के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि उनका विचार था – “एक देश, एक विधान, एक निशान।”

कार्यशाला में उपस्थित प्रमुख लोग:

पूर्व विधायक पं. सिंह धुर्वे, डॉ. शिवराज शाह, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नैनपुर अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, बम्हनी अध्यक्ष मीना हरदहा, बिछिया अध्यक्ष रजनी मरावी, पूर्व जिलाध्यक्ष रोचीराम गुरवानी एवं रतन ठाकुर, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू कछवाहा सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री नीरज मरकाम ने किया।
भाजपा द्वारा आयोजित यह कार्यशाला न केवल सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने का माध्यम बनेगी  बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क और संवाद की नई दिशा देने का भी मंच साबित होगी । आगामी 15 अगस्त तक चलने वाला यह अभियान जनभागीदारी और जागरूकता का व्यापक रूप से चलेगा ।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!