मध्यप्रदेशसिवनी
पेयजल संकट : ग्रामीण हुए उग्र, एनएच 44 फोरलेन पर किया चक्का जाम
Seoni 21 May 2025
छपारा यशो: – राष्ट्रीय राजमार्ग जबलपुर- नागपूर एनएच 44 फोरलेन पर ग्राम घुनई के ग्रामीणों ने पेयजल की गंभीर समस्या के विरोध में 21 मई को सुबह चक्का जाम कर दिया। सुबह 8:45 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन लगभग आधे घंटे तक चला, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। ग्रामीणों ने सड़क पर खाली पानी के ड्रम और बांस रखकर अपना विरोध जताया।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें तहसीलदार ज्योति ठोंके, नगर निरीक्षक खेमेंद्र कुमार जैतवार और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ ज्ञानेश्वरी उईके शामिल थे, मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को पेयजल समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और उन्होंने सड़क से जाम हटा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।





