सिवनीधर्म

द्वारकाधीश मंदिर सीलादेही आश्रम में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का दिव्य आयोजन

द्वारकाधीश मंदिर सीलादेही में 3 दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, महाआरती और 56 भोग के साथ होगा भव्य आयोजन

सिवनी यशो :- नवोदित तीर्थ क्षेत्र द्वारकाधीश राधा-कृष्ण मंदिर, सीलादेही आश्रम में तीन दिवसीय भव्य एवं दिव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव महोत्सव का आयोजन 2 से 4 सितंबर तक किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य पंडित आलोक दुबे ने बताया कि गुरुरत्न महाराज श्री की प्रेरणा से तथा द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज के शुभ हस्ते हाल ही में प्राण-प्रतिष्ठित द्वारकाधीश मंदिर में जन्मोत्सव के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

बाल लीलाओं की कथा से होगा शुभारंभ

महोत्सव के प्रथम दिवस 2 सितंबर को दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की कथा का आयोजन होगा। कथा विद्वान वक्ता आचार्य श्री प्रसून जी महाराज के मुखारविंद से होगी।

लोक कला और झांकियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

3 सितंबर को श्रीकृष्ण कथा श्रवण के पश्चात संस्कृति तथा लोक कला संगम के कलाकारों द्वारा सैला नृत्य एवं लोक संगीत की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रांतीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। साथ ही श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित विभिन्न जीवंत झांकियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का संजीव चित्रण किया जाएगा।

महा गरबा उत्सव और भजनों की होगी प्रस्तुति

महोत्सव के तृतीय दिवस 4 सितंबर को श्रीकृष्ण लीला कथा के पश्चात सामूहिक महा गरबा उत्सव आयोजित किया जाएगा। राधा-कृष्ण के महारास की तर्ज पर ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भव्य गरबा महोत्सव होगा। संस्कृति विभाग के प्रसिद्ध बुंदेली भजन गायक सुमित दुबे द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

रात्रि 12 बजे महाभिषेक, महाआरती और 56 भोग दर्शन

जन्मोत्सव के मुख्य अवसर पर रात्रि 12 बजे महाभिषेक, अलौकिक श्रृंगार, महाआरती एवं 56 भोग दर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाप्रसाद, माखन-मिश्री एवं फलाहार का वितरण किया जाएगा।

द्वारकाधीश मंदिर ट्रस्ट एवं सेवा समिति के सभी सदस्यों ने श्रद्धालुओं से सह परिवार आयोजन में उपस्थित होकर भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं भगवान द्वारकाधीश के दर्शन का पुण्य लाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button