सिवनी जिले के उगली में हादसा: हाई वोल्टेज करेंट से झुलसा आउटसोर्स विद्युत कर्मी
पंप हाउस में कार्य के दौरान हादसा, लापरवाही पर उठे सवाल
Seoni 24 August 2025
सिवनी यशो :- जिले की केवलारी विधानसभा अंतर्गत उप तहसील उगली में बिजली विभाग की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हो गया।
आनंद पिता स्व. महेंद्र दमाहे निवासी गुडरु, तहसील लामता, जिला बालाघाट 22 अगस्त (शुक्रवार) को दोपहर बाद 11 केव्ही हाई टेंशन लाइन से जुड़े पंप हाउस में कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक सप्लाई चालू हो जाने से उन्हें तेज करेंट लगा और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना में आनंद के हाथ और पीठ बुरी तरह जल गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए बालाघाट स्थित निजी आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जेई का बयान
उगली में पदस्थ जेई जे.एल. धुर्वे ने बताया कि घटना के समय सप्लाई बंद करने के लिए परमिट लिया गया था, लेकिन किसी तरह से अचानक बिजली चालू हो गई और हादसा हो गया।
उन्होंने कहा कि घायल कर्मी की स्थिति में अब सुधार है और विभाग की ओर से हरसंभव मदद की जाएगी।
आर्थिक मदद की अपील
घायल आनंद अपने परिवार के मुखिया हैं और वर्तमान में जीवन-मौत की जंग लड़ रहे हैं।
इलाज के लिए परिजनों ने फोन-पे क्यूआर कोड के माध्यम से आर्थिक मदद की अपील की है।
समाजसेवियों और आमजन से आग्रह किया गया है कि वे निःसंकोच सहयोग करें।



