बिना मंडी शुल्क के सामग्री परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्यवाही सुनिश्चित करें मंडी सचिव – कलेक्टर समय सीमा बैठक संपन्न
Seoni 17 March 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार 17 मार्च को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सी एल चनाप एवं अपर कलेक्?टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे, वहीं खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
लंबित शिकायतो का संतुष्टि से निराकरण सुनिश्चित करें
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सीएम हेल्प लाईन,समयसीमा में दर्ज प्रकरणों जनसुनवाई के आवेदन, विभिन्न आयोग के पत्रों में लंबित कार्यवाही सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। कलेक्टर सुश्री जैन ने सीएम हेल्प लाइन की जिलेवार रैंकिंग तथा 50 दिवस से अधिक समय से लंबित अधिकतम शिकायतों को संतुष्टि से निराकृत करने के लिए निर्देशित किया है।
उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक सुविधाएँ किसानों के लिये सुनिश्चित करें
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने गेहूं उपार्जन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की, उन्होंने अनुभागवार पंजीकृत किसानों, गेहूं के रकबे के साथ उपार्जन के लिए बनाए गए केन्द्रों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने सभी उपार्जन केन्द्रों एवं पंजीयन केन्द्रों में किसानो की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने मण्डी सचिव को मैदानी स्तर पर अभियान चलाकर बिना मण्डी शुल्क जमा किए सामग्रियां परिवहन होने वाले वाहनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
लक्ष्य अनुसार भू राजस्व की वसूली के निर्देश
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने सभी एसडीएम को फार्मर रजिस्ट्री के लंबित सभी प्रकरणों को तेजी से निराकृत करने के निर्देश दिए साथ ही लक्ष्यानुसार भू-राजस्व वसूली के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सभी ग्रामों में सुविधाजनक रूप से पेयजल आपूर्ति की कार्ययोजना को लेकर सभी अनुविभागीय अधिकारी तथा सीईओ जनपदों से अनुभागवार चर्चा की। उन्होंने पीएचई एवं जल निगम के अधिकारियों को अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाले सभी हैण्डपंप एवं नल जल योजना के स्रोतों का सत्यापन कर संभावित संकटग्रस्त ग्रामों में वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना में नवीन हितग्राहियों को जोडऩे सर्वे कार्य तेजी से करने के निर्देश
कलेक्टर सुश्री जैन ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नवीन हितग्राहियों को जोडऩे के लिए चलाये जा रहे सर्वे प्रगति की समीक्षा कर सभी जनपदों के अधिकारियों को लंबित ग्रामों में सर्वे कार्य तेजी से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। इसी तरह जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में वॉटर हार्वेस्टिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा की, उन्होंने कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को कार्यों को पूरी गुणवत्तापूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने सभी स्वरोजगार मूलक विभागों को भी वित्तीय वर्ष के लक्ष्यानुसार हितग्राहियों को शासन की स्वरोजगार मूलक योजनाओं से लाभांवित करने के बैंकों को प्रस्तुत किए गए प्रकरणों में त्वरित रूप से स्वीकृति एवं वितरण करने के लिए बैंकों से समन्वय बनाने के लिए निर्देशित किया है।



