सिवनीमध्यप्रदेश

ई-विकास प्रणाली से किसानों को समय पर मिल रहा उर्वरक, सिवनी में 1.24 लाख किसानों ने उठाया लाभ

58 हजार मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक का वितरण, घर बैठे ई-टोकन बुक कर रहे किसान

Seoni 28 June 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश शासन के निर्देश एवं कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में जिले में किसानों को पारदर्शी और सुगम तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए ई-विकास (वितरण एवं कृषि उर्वरक आपूर्ति समाधान) प्रणाली प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।

इस नई व्यवस्था के तहत जिले में शत-प्रतिशत उर्वरक वितरण ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है।

नई व्यवस्था के अनुसार किसान घर बैठे ई-टोकन बुक कर निर्धारित तिथि एवं समय पर संबंधित उर्वरक विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। इससे वितरण केंद्रों पर लंबी कतारों से राहत मिली है तथा किसानों को समयबद्ध और सुविधाजनक तरीके से खाद उपलब्ध हो रही है।

सभी श्रेणी के किसानों को मिल रही सुविधा

ई-विकास पोर्टल पर राजस्व पट्टाधारी, वन पट्टाधारी, सिकमी (ठेकानामा) वाले किसान, फार्मर आईडी से वंचित किसान, मंदिर अथवा ट्रस्ट की भूमि पर खेती करने वाले कृषक तथा ऐसे वारिस, जिनके नाम भूमि का नामांतरण नहीं हुआ है, सभी के लिए ई-टोकन बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके अलावा रकबे एवं फसल के अनुसार अनुशंसित उर्वरकों का पूरा उठाव करने के बाद भी यदि अतिरिक्त उर्वरक की आवश्यकता हो, तो उसकी व्यवस्था भी ई-विकास प्रणाली के माध्यम से की गई है।

1.24 लाख से अधिक किसानों ने लिया लाभ

कृषि विभाग के अनुसार जिले में 1 अप्रैल 2026 से 25 जून 2026 तक 1 लाख 24 हजार 260 किसानों ने ई-टोकन बुक कर 58 हजार 123 मीट्रिक टन उर्वरक का उठाव किया है। इससे जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हुई है।

किसानों से की गई अपील

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, सिवनी ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी वास्तविक फसल के अनुसार ही ई-टोकन बुक करें तथा गलत फसल का चयन न करें।

यदि ई-टोकन बुक करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो किसान अपने कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी, पंचायत सचिव अथवा रोजगार सहायक से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button