बरघाट के आष्टा-अंतरा से सोनावानी अभ्यारण्य में प्रवेश द्वार की मांग, पूर्व सांसद ढालसिंह बिसेन ने PCCF से की भेंट
सिवनी जिले के पर्यटकों को सोनावानी अभ्यारण्य तक सीधा पहुंच देने हेतु आष्टा-अंतरा से प्रवेश गेट खोलने की मांग, PCCF ने सकारात्मक आश्वासन दिया
Seoni 08 August 2025
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश शासन द्वारा बालाघाट जिले की लालबर्रा तहसील में घोषित सोनावानी अभ्यारण्य अब सिवनी जिले के पर्यटकों के लिए भी सहज रूप से सुलभ हो सकता है।
इस दिशा में पहल करते हुए पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन ने भोपाल प्रवास के दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) से भेंट कर एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा।
सिवनी जिले से अभ्यारण्य की सीमा जुड़ी, लेकिन प्रवेश नहीं
डॉ. बिसेन ने बताया कि सोनावानी अभ्यारण्य की सीमा सिवनी जिले की बरघाट तहसील के ग्राम आष्टा एवं अंतरा से लगी हुई है।
यह भी पढ़ें:- हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा ने बनाई टोलियाँ, जिला से मंडल स्तर तक कार्ययोजना तैयार
वर्तमान में अभ्यारण्य में प्रवेश हेतु केवल बालाघाट के लालबर्रा की ओर से ही द्वार बनाए गए हैं, जबकि सिवनी जिले की ओर से पर्यटकों के लिए कोई प्रवेश व्यवस्था नहीं है।
स्थानीय पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
यदि आष्टा-अंतरा मार्ग से एक औपचारिक प्रवेश द्वार बनाया जाए, तो सिवनी जिले के हजारों पर्यटक एवं प्रकृति प्रेमी सोनावानी अभ्यारण्य की जैव विविधता का आनंद लेने सरलता से पहुँच सकेंगे।
इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बरघाट क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजगार और आर्थिक अवसर भी मिल सकते हैं।
PCCF ने दिया सकारात्मक आश्वासन
पूर्व सांसद डॉ. बिसेन ने भोपाल में PCCF म.प्र. शासन से व्यक्तिगत भेंट कर विस्तार से चर्चा की और संबंधित पत्र सौंपा।
चर्चा के दौरान PCCF महोदय ने इस विषय पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर आष्टा-अंतरा से प्रवेश द्वार प्रारंभ करने का आश्वासन भी दिया।




