धर्मसिवनी

सिद्ध हनुमान मंदिर में भक्ति भाव से मनाया गया चतुर्थ पाटोत्सव

आकाश नामदेव, लोकेश शुक्ला व राजू भैया की भजन प्रस्तुतियों ने बांधा समां

भजनों और सुंदरकांड पाठ से सराबोर हुआ मंदिर परिसर

सिवनी यशो:- जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर मुंगवानी कलां स्थित सोसायटी परिसर के समीप सिद्ध हनुमान मंदिर में गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को चतुर्थ पाटोत्सव समारोह श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरे दिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

पाटोत्सव के अंतर्गत ग्राम सिंघौड़ी निवासी विद्वान पुरोहित पंडित हरिप्रसाद मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रातः 10 बजे से महाबली श्री हनुमान जी महाराज का विधिवत अभिषेक, हवन-पूजन, श्री सत्यनारायण भगवान की कथा, विशेष हवन एवं पूर्णाहुति सहित समस्त वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मंत्रोच्चार से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

Sidha Hanuman Mandir Mungwani Kalan Seoni Chaturth Patotsav Bhajan Program
सिद्ध हनुमान मंदिर मुंगवानी कलां में चतुर्थ पाटोत्सव के दौरान भजन प्रस्तुत करते कलाकार

महाप्रसाद का वितरण 

धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। दोपहर 2 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर छिंदवाड़ा के सांवरिया म्यूजिकल ग्रुप के संचालक सुप्रसिद्ध भजन गायक आकाश नामदेव ने “मां-बाप से बढ़कर जमाने में कोई चीज नहीं” ग़ज़ल की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। इसके बाद उन्होंने “झूला झूलन आ गए कन्हैया”, “भोला वरदानी” और “बड़ो छल बलिया ओ मैया कान्हा तुम्हारो” जैसे लोकप्रिय भजनों से समां बांध दिया।

महाकौशल क्षेत्र के ख्यातिलब्ध भजन गायक पंडित लोकेश शुक्ला ने हनुमान चालीसा एवं “श्री राम जानकी बैठे हैं सीने में” भजन प्रस्तुत किया। वहीं राजू भैया (बाधी) ने “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” एवं “हनुमान की पूजा से सब काम होता है” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

भक्ति में डूबे श्रद्धालु 

कार्यक्रम में शिवकुमार पिटनिया ने भी भजन प्रस्तुति दी। सहयोगी कलाकारों में धनंजय सनोडिया, मोहन उपाध्याय (गुड्डू पटेल), महेंद्र चौहान, ठाकुर रंजीत सिंह सहित अन्य कलाकार उपस्थित रहे। देर शाम तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।

उल्लेखनीय है कि 22 जनवरी 2022 को शुभ मुहूर्त में महाबली श्री हनुमान जी महाराज के भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। तभी से प्रतिवर्ष पाटोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!