टूर पैकेज के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Chhindwara 23 March 2025
छिंदवाड़ा यशो:- सोशल मीडिया के माध्यम से टूर पैकेज बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार अमित राय (45), निवासी बुधवारी बाजार, छिंदवाड़ा, ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने *VOILA QUEST* टूरिज्म के संचालक हिमांशु शर्मा से 16 फरवरी 2025 को फोन पर गुवाहाटी जाने के लिए 3 मार्च 2025 की चार फ्लाइट टिकट बुक कराई थी। इसके बदले प्रार्थी ने हिमांशु शर्मा के दिए गए बारकोड पर यूपीआई के माध्यम से रू.50,000 का भुगतान किया। लेकिन आरोपी ने न तो टिकट बुक की और न ही रकम वापस की। बार-बार कॉल और मैसेज करने के बावजूद जब पैसे वापस नहीं मिले, तो प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) ब्रिजेश रघुवंशी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को भोपाल रवाना किया गया। पुलिस टीम ने भोपाल में आरोपी हिमांशु शर्मा (32), निवासी रामानंद कॉलोनी, लालघाटी, भोपाल को उसके ऑफिस से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से *VOILA QUEST* कंपनी का रजिस्ट्रेशन, कंपनी की सील, दो मोबाइल फोन और रु 50,000 की नकद राशि बरामद की। साथ ही, आरोपी का बैंक खाता फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक उमेश कुमार गोल्हानी, सउनि ब्रिजेश रघुवंशी, सउनि अमित कुमार यादव, प्रआर. 98 रविंद्र ठाकुर, आर. 857 शैलेन्द्र राजपूत, साइबर आरक्षक आदित्य रघुवंशी और नितिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन टूर पैकेज या किसी भी अन्य ऑनलाइन सेवा बुक करने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें, ताकि धोखाधड़ी से बचा जा सके।
छिन्दवाड़ा के कलाकारो की इंस्टाग्राम रील ने मचाई धूम 1 करोड़ 4 लाख से अधिक लोगों ने देखा

