क्राइममध्यप्रदेशसिवनी

घंसौर के दो सूने मकानों में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

1.80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद

घंसौर में दो सूने मकानों में चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

घंसौर/सिवनी यशो :- घंसौर थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर की गई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को ग्राम पिपरटोला निवासी प्रभात सिंह मार्के परिवार सहित जबलपुर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। मामले में थाना घंसौर में अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था।

इसी प्रकार 1 अक्टूबर 2026 को ग्राम बरौदामाल निवासी सियारानी मरावी के सूने मकान में भी चोरी हुई थी। प्रार्थिया के ग्राम तुमडीपार जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर जेवरात पार कर दिए थे। इस मामले में थाना घंसौर में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी घंसौर रीना पांडे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर राकेश पिता रतन साहू निवासी मोहगांव थाना धूमा तथा उसके साथी संजू उर्फ संजय पिता कल्लू बर्मन निवासी कालीधाम, ग्वारीघाट जबलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घंसौर थाना क्षेत्र के दोनों सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया।

ये जेवरात हुए बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं, जिनमें—

  • चांदी का एक करधन
  • चांदी की तीन जोड़ी पायल
  • चांदी की दो जोड़ी गजड़िया
  • सोने के दो मंगलसूत्र
  • संतान साते की दो चूड़ियां
  • चांदी का एक चूड़ा

शामिल हैं। बरामद जेवरात की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

न्यायालय में पेश किए गए आरोपी

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

गिरफ्तार आरोपी—

  1. राकेश पिता रतन साहू, उम्र 40 वर्ष, निवासी मोहगांव, थाना धूमा, जिला सिवनी।
  2. संजू उर्फ संजय पिता कल्लू बर्मन, उम्र 39 वर्ष, निवासी कालीधाम, ग्वारीघाट, जबलपुर।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

चोरी की वारदातों के खुलासे में थाना प्रभारी घंसौर निरीक्षक एल.एस. झारिया, फिंगर प्रिंट प्रभारी उप निरीक्षक रीतु उईके, उप निरीक्षक महेश सहारे, प्रधान आरक्षक दिलराज सिंह, आरक्षक गोपाल यादव एवं आरक्षक एजाज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!