छिंदवाड़ा

हर्रई में 6 और जुन्नारदेव में 5 माह से नही मिला अतिथि शिक्षकों को मानदेय

अतिथि शिक्षकों ने मानदेय भुगतान को लेकर कलेक्ट्रेट में दिया ज्ञापन

 Chhindwara  25 march 2025
छिंदवाड़ा यशो:- आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेशमहासचिव सन्तोष कहार ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले के हर्रई और जुन्नारदेव विकासखंड के आला अधिकारियों की घोर लापरवाही के चलते होली जैसे त्यौहार में भी हर्रई में 6 माह और जुन्नारदेव में 5 माह से शासकीय शालाओं में कार्यरत  अतिथि शिक्षकों को मानदेय नही दिया गया। जबकि इन दो विकासखंडों को छोड़कर जिले के अन्य विकासखंडों के अतिथि शिक्षकों को मानदेय दे दिया गया है।
जबकि लोकशिक्षण संचालनालय के आदेश होने के बाद भी अतिथि शिक्षकों का वेतन समय सीमा में नहीं किया गया जिससे अतिथि शिक्षकों के परिवार में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है और उन्हें अपने परिवार का गुजारा करने में दिक्कत हो रही है इसलिए श्री कहार ने जिले और प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियो से निवेदन किया है कि हर्रई और जुन्नारदेव विकासखंड के अतिथि शिक्षकों के साथ हो रहे अन्याय को बंद करे एवं सभी कर्मचारियों के भांति इन्हें भी समय पर वेतन का भुगतान करे। 
जिले में बैठे आला अधिकारी इस तरह के अन्याय और अत्याचार अतिथि शिक्षको के साथ न करें। इन्होंने कहा कि बजट मिलने के पूर्व ही समयानुसार नियमानुसार उचित कार्यवाही पूर्ण कर रखी जाये और बजट आते ही उचित कार्यवाही कर समय पर अतिथि शिक्षकों मानदेय प्रदान किया जाये। होली जैसे खास त्यौहार के पूर्व बजट आया था किंतु उस समय इन विकासखंडो के आला अधिकारी की लापरवाही के चलते वेतन नही हुआ। इस कारण अतिथि शिक्षकों के परिवारों का भरण – पोषण कर पाना मुश्किल हो गया है। रोजमर्रा की चीजों के लिये ये दर-दर भटकने को मजबूर हो रहें हैं। 
आज जिला कलेक्टर महोदय छिंदवाड़ा एवम सहायक आयुक्त जनजाति कल्याण विभाग के नाम ज्ञापन के माध्यम से अतिथियो का मानदेय जल्द से जल्द भुगतान करने की मांग संगठन के द्वारा की गई है। यदि 3 दिवस के अंदर मानदेय भुगतान नही दिया गया तो जिले भर के अतिथि  शिक्षक भूख हड़ताल और आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन के दौरान जिला अध्यक्ष संतोष कहार के साथ जिला मीडिया प्रभारी योगेश चौरसिया,सर्वेश श्रीवास्तव , राजेश चौकसे ,संदीप नागवंशी, अंकित विश्वकर्मा ,जागेश डेहरिया आनंद डेहरिया आनंद वर्मा चंद्रकला घोरके ,कृष्णा यदुवंशी सहित अनेक अतिथि शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इनका कहना  

अतिथि शिक्षक भी शासकीय स्कूलों में बच्चो के भविष्य को संवारने का कार्य करते है उन्हें साल भर शैक्षणिक अध्यापन कार्य करते हुए बच्चो का भविष्य का निर्माण करते है उसके बाद भी समय पर वेतन न मिलना अन्याय है हर माह की 1 तारीख को वेतन मिले ताकि आर्थिक तंगी से न जूझना पड़े। वरिष्ठ अधिकारियों को लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्यवाही की जानी चाहिए।
 योगेश चौरसिया जिला मीडिया प्रभारी आजाद स्कूल अतिथि शिक्षक संघ छिंदवाड़ा

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!