क्या? कमलनाथ नीरा राडिया को भूल गए हैं : शेषराव यादव
गरीब जनता की मदद वाली निधि को अपने नेताओं को बाँट दिए – शेषराव यादव
औद्योगिक निवेश से आज मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम गढऩे को तैयार है
फिल्म स्टारों को बुलाकर युवाओं का कुछ समय के लिए मन बहला सकते हो लेकिन उन्हें रोजगार नहीं दे सकते
Chhindwara 01 March 2025
छिंदवाड़ा यशो:- भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कमलनाथ द्वारा मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार की राजधानी कहने पर उनके बयान की आलोचना करते हुए घोर आपत्ति दर्ज करवाई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने आपत्ति दर्ज करवाते हुए कहा कि जिस मध्यप्रदेश ने उन्हें इतना मान सम्मान दिलवाया, जिस मध्यप्रदेश की बदौलत वे कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार हुए आज जब वे सत्ता में नहीं हैं तो उसी मध्यप्रदेश के बारे अनाप शनाप बयान जारी कर अपमान करने लगे हैं। श्री यादव ने कहा कि औद्योगिक निवेश से आज जब मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम गढऩे को तैयार है, जब मध्यप्रदेश में देश के जाने माने उद्योगपति निवेश की तैयारी कर रहे हैं तब आप सहयोग करने की बजाए अनर्गल बयान जारी कर प्रदेश में निवेश के लिए आने वाले उद्योगपतियों को भटका रहे हैं ताकि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश ना हो और प्रदेश का विकास प्रभावित हो जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि जब आप मुख्यमंत्री बने थे तब आपने इंडस्ट्रियल समिट करवाने की बजाय आईफा अवॉर्ड करवाए थे, उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी आईफा अवॉर्ड करवाने और फिल्म स्टार की कमर में हाथ डालने से विकास नहीं होता। श्री यादव ने कहा कि फिल्म स्टारों को बुलाकर युवाओं का कुछ समय के लिए मन बहला सकते हो लेकिन उन्हें रोजगार नहीं दे सकते। युवाओं को रोजगार देने के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने पड़ते हैं और अवसर तब मिलते हैं जब प्रदेश में औद्योगीकरण की संभावनाएं बनायी जावे। श्री यादव ने कहा कि कमलनाथ आप आज भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं, क्या? कमलनाथ नीरा राडिया को भूल गए हैं, नीरा राडिया ने सालों पहले आपके राज खोल दी थी कि आपको हर काम के 15 परसेंट लगते हैं। श्री यादव ने कहा कि कमलनाथ जी आपका मुख्यमंत्री काल भी किसी से छिपा नहीं है।
भाजपा सरकार में आम जनता की समस्याओं के लिए जन सुनवाई शुरू की गई थी, जो आपके मुख्यमंत्री काल में आपके गृह जिले में ही बंद हो गई थी। सरकारी कार्यालयों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कब्जा हो गया था। श्री यादव ने कहा कि कमलनाथ जी अब हम आपकी विधायक निधि की बात करें तो गरीब जनता की मदद वाली निधि को अपने नेताओं को बाँट दिए। श्री यादव ने कहा कि कमलनाथ जी कांग्रेस सरकार के दौरान आप केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री, वाणिज्य और उद्योग 2004 से 2009 तक रहे इस दौरान आप बहुत शक्तिशाली नेता माने जाते थे और आप स्वयं उद्योगपति भी बताए जाते हैं, लेकिन इस दौरान भी आपके संसदीय क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया। कमलनाथ आपने खुद के एम आई टी कॉलेज छिंदवाड़ा में क्यों नहीं खोले, क्या छिंदवाड़ा के युवा आपके कॉलेज में पढऩे लायक नहीं हैं? श्री यादव ने कहा कि कमलनाथ जी आपने मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार की राजधानी कह कर मध्यप्रदेश का और मध्य प्रदेश के निवासियों की मातृभूमि का अपमान किए हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कमलनाथ जी मैं आपको बता देना चाहता हूं कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और पार्टी का हर कार्यकर्ता राष्ट्र का सेवक है। आप भ्रष्टाचार का झूठा गाना गाकर हमारी मातृभूमि का अपमान कर रहे हैं। आप मध्य प्रदेश से और मध्य प्रदेश के निवासियों से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी तो हाशिए में गई है और यदि आप ऐसे ही प्रदेश और देश का अपमान करते रहेंगे तो कांग्रेस पूरी तरह से साफ हो जाएगी। श्री यादव ने कहा कि कमलनाथ अब उम्र के उस पड़ाव पर हैं जहां उन्हें झूठ और द्वेष की राजनीति छोड़कर प्रदेश के विकास की सहयोगात्मक राजनीति करना चाहिए।





