Uncategorized

आदिवासी बहुल पंचायत खुर्शीपार माल में विधायक रजनीश सिंह का आत्मीय स्वागत

आदिवासी बहुल पंचायत खुर्शीपार माल में विधायक रजनीश सिंह का आत्मीय स्वागत

विशेष संवाददाता – प्रदीप पंकज

सिवनी। जिले की केवलारी विधानसभा अंतर्गत आदिवासी बहुल ग्राम पंचायत खुर्शीपार माल के ग्राम रानटोला रैयत, छोटी बैगरवानी एवं खुर्शीपार माल में केवलारी विधायक ठाकुर रजनीश सिंह का ग्रामीणों ने गर्मजोशी एवं आनंदित वातावरण में भाव-विभोर होकर आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।

रानटोला रैयत में ग्रामीणों से सीधा संवाद

अपने जनसंपर्क दौरा कार्यक्रम के दौरान विधायक ठाकुर रजनीश सिंह सर्वप्रथम ग्राम रानटोला रैयत पहुंचे, जहां उन्होंने आदिवासी भाई-बहनों की व्यथा-कथा को गंभीरता से सुना और समझा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने बिजली, पानी एवं सड़क जैसी मूलभूत समस्याएं प्रमुखता से रखीं।

विधायक रजनीश सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इन समस्याओं का समाधान उचित माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम रानटोला रैयत में आयोजित सभा को संबोधित किया, जहां ग्रामीणों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

छोटी बैगरवानी में पानी की समस्या प्रमुख

इसके पश्चात विधायक ठाकुर रजनीश सिंह ग्राम छोटी बैगरवानी पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने खेती के लिए सिंचाई के पानी एवं पेयजल की गंभीर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने एक स्वर में सिंचाई व्यवस्था और नल-जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था की मांग रखी।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि वे सिंचाई एवं पेयजल जैसी दोनों महत्वपूर्ण मांगों को पूरा कराने के लिए पूर्णतः वचनबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि पास के गुनगुच बांध से नहरों के माध्यम से सिंचाई का पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहयोग से शासन की मंशा के अनुरूप पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाएगी। इस दौरान विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारी एवं ठेकेदार से मंच से ही फोन पर चर्चा की।

खुर्शीपार माल में विशाल आम सभा

जनसंपर्क दौरे के अंतिम चरण में विधायक ठाकुर रजनीश सिंह ग्राम खुर्शीपार माल पहुंचे, जहां ग्राम पंचायत के तत्वावधान में आयोजित विशाल आम सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक रजनीश सिंह के साथ मंचासीन अतिथियों का ग्रामीणों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद मोदी, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जैन, जनपद सदस्य मुकेश सिंह राजपूत, कांग्रेस नेता मनीष जैन, रवि बघेल, शिवकुमार सेन, प्रदीप राय, श्याम बाबू झारिया, कमलेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बिजली, पानी और सड़क पर घोषणाएं

विधायक रजनीश सिंह ने खुर्शीपार माल पंचायत में भी बिजली, पानी और सड़क जैसी आम समस्याओं के समाधान की घोषणा की तथा नल-जल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खुर्शीपार माल के सरपंच कलीम खान, उप सरपंच रामनाथ मर्सकोले, सचिव फिरदोश मंसूरी, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन आदिवासी नेता सुरेंद्र भलावी ने किया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!