मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण हादसा: 5 मजदूरों की मौत, 20 घायल; सीएम मोहन यादव ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

टेमनी खुर्द के पास ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप में आमने-सामने की टक्कर, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

छिंदवाड़ा यशो :- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि लगभग 20 लोग घायल हो गए। टेमनी खुर्द के समीप मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन और ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हुई। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन
टेमनी खुर्द के पास ट्रक और पिकअप की टक्कर के बाद राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीम।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार करीब 26 मजदूर मछेरा गांव से खेतों में कार्य करने जा रहे थे। इसी दौरान बैतूल से छिंदवाड़ा की ओर आ रहे ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही पिकअप से जोरदार भिड़ंत हो गई।

300 मीटर दूर खेत में जा घुसी पिकअप

टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप वाहन सड़क किनारे स्थित एक मकान के पास से होते हुए लगभग 300 मीटर दूर खेत में जा घुसा और रास्ते में कई पेड़ों को भी तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।

तीन महिलाएं और दो पुरुषों की मौत

सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एक मृतक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी, क्योंकि हादसा इतना भीषण था कि उसका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाते हुए घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने दुर्घटना में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 1-1 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

नि:शुल्क इलाज के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी घायलों के बेहतर एवं नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

रोजी-रोटी की तलाश में निकले थे मजदूर

परिजनों के अनुसार सभी मजदूर प्रतिदिन सुबह पिकअप वाहन से खेतों में काम करने जाते थे। सोमवार को भी वे रोजगार की तलाश में निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button