मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

मैं प्रदेश अध्यक्ष नहीं, आपके बीच का कार्यकर्ता हूं – हेमंत खंडेलवाल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने जिला भोपाल द्वारा रविन्द्र भवन सभागार में आयोजित स्वागत समारोह को किया संबोधित

 Bhopal 04 July 2025

भोपाल यशो:- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने रविन्द्र भवन सभागार में जिला भोपाल द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवार नहीं, कार्यकर्ताओं की ताकत से चलती है। मैं आपके बीच का ही कार्यकर्ता हूं और इसी भावना से अपने काम का निर्वाह करूंगा। अगर कार्यकर्ता तय कर ले, तो कोई चुनाव जीतना मुश्किल नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी जिला भोपाल द्वारा रविन्द्र भवन सभागार में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा नेतृत्व, विधायकगण, महापौर, सांसद तथा वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे।

कार्यकर्ता तय कर लें, तो हर चुनाव जीत सकते हैं-  हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हमारे संगठन में कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के कारण ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है। देश में अनेक राजनीतिक दल हैं, जिनमें से कुछ परिवार आधारित हैं, तो कुछ समाज आधारित। लेकिन भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसा दल है, जो कार्यकर्ताओं के परिश्रम से चलता है। अगर कार्यकर्ता तय कर ले, तो कोई चुनाव जीतना मुश्किल नहीं है। आने वाले चुनाव में भोपाल की सभी आठ सीटों पर विजय हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हम सब मिलकर काम करेंगे और जीत हासिल करेंगे।

*भाजपा के विस्तार में भोपाल के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जब जनसंघ का गठन हुआ था, तो डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय ने कठिन परिश्रम से एक-एक कार्यकर्ता को जोड़ा। उन्होंने जो संघर्ष किया, उसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। आज हर बूथ पर, हर मंडल में हजारों कार्यकर्ता हैं, लेकिन उस समय एक जिले में दो-चार कार्यकर्ता ही हुआ करते थे। उस यात्रा को आगे बढ़ाने का काम श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी ने किया, जिनका भोपाल से नाता रहा है। श्रद्धेय प्यारेलाल खंडेलवाल, स्वर्गीय नारायण प्रसाद गुप्ता, स्वर्गीय कैलाश सारंग, स्वर्गीय सुशील चंद्र वर्मा, स्वर्गीय गौरीशंकर कौशल, स्वर्गीय सुरेंद्रनाथ सिंह, स्वर्गीय रमेश शर्मा गुट्टू भैया, शैलेंद्र प्रधान जैसे अनेकों कार्यकर्ताओं ने भाजपा को भोपाल सहित पूरे प्रदेश और देश में स्थापित करने का काम किया।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि भोपाल राजनीतिक दृष्टि से एक कठिन जिला रहा है। यहां से कोई भी नेता 100-150 लोगों को लेकर बैतूल जाकर चुनाव जीतकर आ जाता था, क्योंकि भोपाल में जीतना मुश्किल था। आप लोगों ने भोपाल में पार्टी को मजबूत किया, उसके बाद ही पूरे प्रदेश में कमल खिल सका, क्योंकि भोपाल का असर पूरे प्रदेश पर होता है। इसके लिए मैं आप सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। भोपाल के कार्यकर्ताओं पर दोहरी जिम्मेदारी होती है। अगर कोई राष्ट्रीय नेता का दौरा होता है, तो उसकी भी जिम्मेदारी है और कोई स्थानीय कार्यक्रम है, तो उसकी भी जिम्मेदारी है। आप सभी इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं, जिसके लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं।

मैं कार्यकर्ताओं से अलग नहीं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मंच पर जो नेतागण बैठे हैं, उन्होंने भाजपा को मजबूत करने और हमारे पूर्वजों के मार्गदर्शन को जमीन पर उतारने का काम किया है। भोपाल से मेरा नाता कोई आज का नहीं है, मैं जब लोकसभा चुनाव लड़ा, तो भोपाल से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता बैतूल गए थे। 2014 से 2018 तक मैंने कोषाध्यक्ष के रूप में काम किया। नगर निगम चुनाव मैं भी मेरी भूमिका रही। लेकिन मैंने अपने मन से नहीं कार्यकर्ताओं, नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने जैसा कहा मैंने वही किया। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व का निर्वाह कर रहा हूं, मुझमें ऐसा कुछ भी नहीं, जो मुझे आपसे अलग करे। मैं आपके बीच का ही कार्यकर्ता हूं। आपका सम्मान बरकरार रहे, इसकी चिंता हम करेंगे। हर कार्यकर्ता की क्षमता का पूरा उपयोग हो, यह भी हम देखेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी को जितना मजबूत किया है, उसे कायम रखते हुए हमें अगले मुकाम पर पहुंचना है। हमारे प्रधानमंत्री जी देश को दुनिया में सम्मान दिला रहे हैं। हम एक और अनुशासित रहकर भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।

हमने सदैव राष्ट्र को प्रथम मानकर काम किया-  हितानंद जी

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने अपने संबोधन में कहा कि जनसंघ की स्थापना विचारों और उद्देश्यों लेकर हुई थी। हमारी पार्टी ने इन राष्ट्रवादी विचारों को अंगीकार कर सदैव राष्ट्र को प्रथम मानकर कार्य किया और कभी विचारों से समझौता नहीं किया। विश्व में सबसे अधिक कार्यकर्ताओं वाली भाजपा आज देश का विकास करने के साथ अंत्योदय के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। केरल और बंगाल जैसे राज्यों में आज भी हमारे कार्यकर्ता कठिन संघर्ष कर रहे हैं और अनेक यातनाएं झेल रहे हैं। ठीक वैसी ही यातनाएं हमारे कार्यकर्ताओं ने आपातकाल के दौरान भी सही थी। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने जब संसद में यह कहा था कि हम जनसंघ की विचारधारा को कुचल देंगे, तो युगदृष्टा डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जवाहरलाल नेहरू को जवाब देते हुए कहा था कि हम इस कुचलने वाली मानसिकता को ही कुचल देंगे। उन्होंसे कहा था कि भाजपा एक दिन संसद में सर्वाधिक सांसदों वाली पार्टी होगी और कांग्रेस हमारे स्थान पर विपक्ष में खड़ी होगी। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से उनका यह संकल्प साकार हुआ है। पं. नेहरू ने कहा था देश की धरती पर कभी भगवा नहीं फहराने दूंगा। आज गांव की पंचायत से लेकर देश की पंचायत तक भगवा फहरा रहा है। यही हमारे कार्यकर्ताओं का समर्पण और त्याग है।

कार्यकर्ताओं के परिश्रम से वट वृक्ष बनी भाजपा

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि जनसंघ के समय से लेकर आज तक वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम से आज भारतीय जनता पार्टी एक विशाल वट वृक्ष जैसी बन गई है। 1952 में जनसंघ की यात्रा 3 प्रतिशत वोट से प्रारंभ हुई थी। 1957 में 9 प्रतिशत वोट मिले एवं 1962 में 16 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए। आज भारतीय जनता पार्टी को मध्यप्रदेश में 59 प्रतिशत वोट एवं देश में 36.56 प्रतिशत वोट मिले हैं। कार्यकर्ताओं की लगन, मेहनत व निष्ठा से ही भाजपा आज 14 करोड़ सदस्यों वाली दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। आज देशभर में ग्रामसभा से लेकर लोकसभा तक भाजपा का परचम लहरा रहा है और पार्टी के 1296 विधायक हैं। कभी 2 सांसदों से शुरू हुआ सफर आज 303 सांसदों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी कार्यकर्ता यह संकल्प लेकर जाएं कि 50 सक्रिय सदस्य बनायेंगे। सक्रिय सदस्य की जिम्मेदारी है कि प्राथमिक सदस्य को पार्टी के काम में एक्टिव कर आगे बढ़ाए। हितानंद जी ने कहा कि 6 जुलाई को जनसंघ के संस्थापक और भाजपा के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ”एक पेड़ मां के नामÓÓ अभियान का शुभारंभ किया है। प्रत्येक कार्यकर्ता को एक पेड़ अवश्य लगाना है और उसका संरक्षण व संवर्धन करना है।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष मनोज राठौर ने किया। इस दौरान वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह जादौन, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, महापौर श्रीमती मालती राय, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव, जिला महामंत्री जगदीश यादव मंचासीन रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!