स्कूल में शराब के नशे में सोते मिले प्रभारी प्रधान पाठक
वीडियो वायरल होते ही जांच दल पहुंचा, टीम देखते ही प्रधान पाठक फरार
Seoni 20 February 2026
छपारा यशो:- शिक्षा को संस्कार का मंदिर कहा जाता है, लेकिन छपारा विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ताखला एकाकृत माध्यमिक शाला में सामने आई घटना ने इस धारणा को झकझोर कर रख दिया है। यहां के प्रभारी प्रधान पाठक सुरेश उईक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वे स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में विद्यालय परिसर में सोते हुए दिखाई दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने बनाया वीडियो, संकुल प्राचार्य को भेजी शिकायत
बताया जा रहा है कि उक्त वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाया गया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ-साथ संकुल प्राचार्य गंगेश बैस को भी भेजा गया। इसके साथ ही ग्रामीणों ने एक लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए कि
-
प्रधान पाठक सप्ताह में सिर्फ 1–2 दिन ही स्कूल आते हैं,
-
शाला अतिथि शिक्षकों के भरोसे चल रही है,
-
और वे शराब के नशे में स्कूल आने के आदी हैं।

जांच टीम पहुंची तो सामना करने के बजाय भागे प्रधान पाठक
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को छपारा जनपद शिक्षा केंद्र की टीम एवं संकुल प्राचार्य विद्यालय पहुंचे। लेकिन जांच टीम को देखकर प्रभारी प्रधान पाठक जांच का सामना करने के बजाय मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया।
जांच दल ने विद्यालय में उपस्थित ग्रामीणों एवं अभिभावकों के बयान दर्ज किए और पूरे घटनाक्रम का प्रतिवेदन तैयार किया है।
रिपोर्ट जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त को भेजी गई
जांच टीम द्वारा तैयार प्रतिवेदन अब जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त को अग्रिम कार्रवाई हेतु भेज दिया गया है।
परीक्षा के समय गायब, छात्रों का भविष्य दांव पर
गौरतलब है कि शुक्रवार से ही पांचवीं और आठवीं की परीक्षाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जिनके प्रवेश पत्रों पर प्रभारी प्रधान पाठक के हस्ताक्षर अनिवार्य होते हैं। लेकिन जांच टीम को देखकर उनका फरार होना, छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ माना जा रहा है।
अब यह देखना अहम होगा कि
➡️ विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या ठोस कार्रवाई करता है,
➡️ और क्या शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन बहाल हो पाएगा या नहीं।




One Comment