Seoni 08 June 2025
सिवनी यशो:- केवलारी थाना क्षेत्र के सागर नदी के पास रहने वाली महिला श्रीमती रेखा महोबिया ठगी का शिकार हो गईं। महिला ने थाना केवलारी में शिकायत दर्ज कराई है कि दो अज्ञात महिलाएं उनके घर तीन दिन तक आती रहीं और विश्वास जीतकर सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण लेकर फरार हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली बार आने पर महिलाओं ने अंगूठी लेकर बदले में चाय की गंजी दी। फिर अगले दिन पायल के बदले कढ़ाई दी और इस तरह पीडि़ता का विश्वास जीत लिया। तीसरे दिन उन्होंने मंगलसूत्र, झुमके, सोने की अंगूठी, पायल सहित अन्य कीमती जेवरात यह कहकर लिए कि उन पर नई डिज़ाइन बनवानी है और शाम तक लौटाएंगे। साथ ही 30,000 भी लौटाने का वादा किया, लेकिन महिलाएं वापस नहीं लौटीं।
महिला ने दोनों संदिग्धों की तस्वीरें पुलिस को सौंपी हैं। थाना प्रभारी एस.एस. रामटेक्कर ने बताया कि पूरे क्षेत्र में महिलाओं की तस्वीरें भेज दी गई हैं, और नैनपुर, चौरई, सिवनी जैसे इलाकों में पूछताछ जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अजनबी महिलाओं से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही ठग महिलाओं की गिरफ्तारी की उम्मीद है।



