मध्यप्रदेशराजनीति

कांग्रेस की बैठक में बवाल: सैयद साजिद और आरिफ मसूद के समर्थकों के बीच चले लात-घूंसे

Bhopal 18 June 2025

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत मंगलवार को राजधानी भोपाल में आयोजित एक बैठक उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब दो नेताओं के समर्थकों के बीच जमकर कहासुनी, धक्का-मुक्की और लात-घूंसे चल गए। घटना मध्य विधानसभा क्षेत्र की बैठक के दौरान घटी, जो शहर के 9 मसाला रेस्टोरेंट में रखी गई थी।

बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य विधानसभा से पूर्व पार्षद सैयद साजिद अली अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। इसी बैठक में भोपाल मध्य से वर्तमान विधायक आरिफ मसूद के समर्थक भी उपस्थित थे। बताया जा रहा है कि किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

वरिष्ठ नेताओं के सामने हुआ हंगामा

बैठक में कांग्रेस की भोपाल जिले की पर्यवेक्षक यशोमती ठाकुर, विधायक महेश परमार, दिलीप सिंह गुर्जर, और कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना भी मौजूद थे। वरिष्ठ नेताओं के सामने ही कार्यकर्ताओं ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं, जिससे संगठन की गरिमा को गहरा आघात पहुंचा।

यशोमती ठाकुर ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है। इस प्रकार का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट आलाकमान को भेजी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”

विवाद की पृष्ठभूमि

सूत्रों के अनुसार, विधायक आरिफ मसूद और सैयद साजिद अली के बीच लंबे समय से गुटीय राजनीति चल रही है। संगठनात्मक बैठकों में बार-बार टकराव की स्थिति बनती रही है। मंगलवार की बैठक में यह तनाव हिंसा में बदल गया, जिससे पार्टी की एकता और अनुशासन पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

पुलिस और प्रशासन की भूमिका

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। फिलहाल किसी पक्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है, लेकिन वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से स्थिति स्पष्ट हो रही है।

राजनीतिक नुकसान की आशंका

चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को जोड़ने और सक्रिय करने में जुटी है, लेकिन ऐसे विवाद पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। भोपाल जैसी महत्वपूर्ण सीट पर इस प्रकार की घटनाएं नेतृत्व की चुनौतियों को और बढ़ा सकती हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!