कमीशन की लालच में नगर निगम ने प्राइवेट जमीन पर बना दी सड़क
पीडि़ता की आपत्तियों को किया नजरअंदाज
Chhindwara 30 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- नगर निगम छिंदवाड़ा के अंतर्गत आने वाले जगन्नाथ वार्ड के चूना भट्टा क्षेत्र में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से कमीशन के लालच में एक निजी ज़मीन पर अवैध रूप से सड़क का निर्माण कर दिया गया।
इस ज़मीन की मालकिन पूजा पति मनोज राजपूत ने पहले ही दर्जनों बार नगर निगम में लिखित आपत्तियाँ दर्ज करवाई थीं, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया था कि यह ज़मीन निजी है और इस पर किसी भी प्रकार का निर्माण न किया जाए। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा।
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
पीडि़ता का कहना है कि उसने निगम अधिकारियों को कई बार चेताया और लिखित में शिकायत दी, लेकिन हर बार उसे अनसुना कर दिया गया। ठेकेदार ने शिकायतों को दरकिनार करते हुए निर्माण कार्य पूरा कर लिया।
मोन स्वीकृति फिर भुगतान से किया इनकार
निगम के इंजीनियर के साथ मिलकर ठेकेदार द्वारा खेले गए खेल में जब मामला उजागर हुआ तो स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सड़क निर्माण पर आई लागत को मंज़ूर करने से इंजीनियर ने साफ इंकार कर दिया। इससे यह स्पष्ट होता है कि निर्माण कार्य बिना वैध अनुमति और प्रक्रिया के किया गया था।



