मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

साफ पानी की जगह गंदा पानी,  कार्यकारी अध्यक्ष ने विशेष सम्मेलन में मानी बात, कांग्रेस पार्षद दल ने उठाए सवाल

Seoni 10 June 2025

सिवनी यशो:- सिवनी नगर पालिका परिषद में पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। कार्यकारी अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने स्वयं यह स्वीकार किया है कि नगर में गंदा पानी लोगों को सप्लाई किया जा रहा है। नगरपालिका परिषद के विशेष सम्मेलन में प्रस्ताव क्रमांक 01 के अंतर्गत यह बात सामने आई कि केमिकल्स – विशेषकर ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी (एलम) – के अभाव में जल शुद्धिकरण नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पडऩे की आशंका जताई गई है।

कार्यकारी अध्यक्ष ने ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करते हुए सप्लायर को काली सूची में डालने और उसकी अमानत राशि राजसात करने का प्रस्ताव भी रखा है।

कांग्रेस पार्षदों ने पहले ही जताई थी चिंता

यह मामला तब और गंभीर हो गया जब कांग्रेस पार्षद दल ने कुछ दिन पूर्व ही आरोप लगाए थे कि नगर पालिका लोगों को अशुद्ध पानी की आपूर्ति कर रही है। पार्षदों का कहना है कि यदि शुद्धिकरण में आवश्यक केमिकल्स का उपयोग नहीं होगा, तो यह सीधे तौर पर नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। उनका सवाल यह भी है कि जब पूर्व में ठेकेदार ने पूरी मात्रा में सामग्री सप्लाई की थी, तो कार्यकारी अध्यक्ष बदलते ही यह आपूर्ति क्यों रुक गई?

बिजली व्यवस्था भी बदहाल

केवल पेयजल ही नहीं, नगर की विद्युत सामग्री की आपूर्ति भी संकट में है। कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। पार्षदों द्वारा शिकायत करने पर जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ यह कह कर पल्ला झाड़ लेते हैं कि “सामग्री उपलब्ध नहीं है”। सवाल उठ रहा है कि आखिर बिजली की आवश्यक सामग्री क्यों नहीं खरीदी जा रही है?

कांग्रेस पार्षदों ने सीएमओ से की मुलाकात

इन गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मिलकर स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग रखी है। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद शफीक खान, श्रीमती आकांक्षा शिबू सेंगर, श्रीमती नेहा धीरज पृथ्यानी, श्रीमती इश्रत नब्बू, राजिक अकील, चंदन खताबिया, महमूद भाई, जोएब जकी अनवर, और राहुल बघेल शामिल थे।

जनता की उम्मीदें अब जवाबदेही पर

सवाल बड़ा है कि पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सेवाओं में लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है? और नगर पालिका क्या इस संकट से शहरवासियों को शीघ्र राहत दिला पाएगी?

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!