छिंदवाड़ामध्यप्रदेश
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश
समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक…
14 जनवरी से 28 जनवरी 2025 तक ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर आनंदम उत्सव का आयोजन कर फोटो, वीडियो अपलोड करने के निर्देश, सभी जिला अधिकारी भी बने निक्षय मित्र – सीईओ जिला पंचायत
Chhindwara 20 January 2025
छिंदवाड़ा यशो:- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपर कलेक्टर के.सी.बोपचे सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं जिला मुख्यालय के अधिकारी कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत, सीएमओ सहित सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। सीईओ जिला पंचायत ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर जोर दिया और सभी विभागों के सीएम हेल्पलाइन के नोडल अधिकारियों को जिला कंट्रोल रूम में बैठकर शिकायतों का निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 26 जनवरी 2025 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की और सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गणतंत्र दिवस के लिए निर्धारित 17 विभागों से झांकियों की तैयारी और थीम की जानकारी भी प्राप्त की और सभी झांकियां आकर्षक ढंग से एवं यथासंभव चलायमान तैयार करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को 22 जनवरी 2025 को जबलपुर संभाग के आयुक्त अभय वर्मा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित अनुसूचित जाति एवं जनजाति (आकस्मिक योजना) अत्याचार निवारण अधिनियम 1995 की कंडिका 14 के अनुसार संभाग स्तरीय सतर्कता सलाहकार एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजन के संबंध में आवश्यक तैयारी करने के भी निर्देश दिए।
14 जनवरी से 28 जनवरी 2025 तक आनंदम उत्सव –
अपर कलेक्टर श्री बोपचे ने 14 जनवरी से 28 जनवरी तक आयोजित होने वाले आनंदम उत्सव के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 28 जनवरी तक आनंद उत्सव में परंपरागत खेल जैसे कबड्डी, खो-खो, बोरा रेस, रस्साकशी, चम्मच दौड़ आदि के साथ लोक संगीत, नृत्य, भजन, कीर्तन और नाटक जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर उसके अच्छे गुणवत्तायुक्त फोटोग्राफ एवं वीडियो आनंद विभाग की वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। विकासखंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायतों को समूहों में बांटकर उत्सव का आयोजन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिसके बाद 04 फरवरी को जिला स्तर पर आनंद उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
निक्षय मित्र बनने एवं बनाने के निर्देश- सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार ने बैठक में सभी जिला अधिकारियों को अनिवार्य रूप से निक्षय मित्र बनने और एक्टिव टीबी मरीजों को फूड बॉस्केट वितरित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर कार्यवाही करते हुए सभी सरपंच, सचिव एवं जी.आर. एस को भी निक्षय मित्र बनाने के निर्देश दिए हैं। सीएमएचओ डॉ.शास्त्री ने बताया कि अभी तक 833 निक्षय मित्र बन चुके हैं।
वीरांगना रानी दुर्गावती केन्द्रित प्रेरणा उत्सव का आयोजन 25 जनवरी से –
सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा स्वाधीनता संग्राम की अप्रतिम गोण्ड नायिका वीरांगना रानी दुर्गावती के 500वें जन्मवर्ष को ‘प्रेरणा उत्सव के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत पहले चरण में प्रदेश के 89 जनजातीय विकासखण्डों में एक-एक दिवसीय ‘प्रेरणा उत्सव का आयोजन म.प्र.संस्कृति परिषद द्वारा जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी के माध्यम से किया जाएगा। छिंदवाड़ा जिले के 4 जनजातीय विकासखंडों में भी यह प्रेरणा उत्सव आयोजित किया जाएगा। उत्सव में वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन और अवदान केन्द्रित नृत्य नाटिका एवं चित्र प्रदर्शनी संयोजित की जायेगी। प्रेरणा उत्सव का आयोजन विकासखंड हर्रई में 25 जनवरी को, बिछुआ में 26 जनवरी को और तामिया व जुन्नारदेव में 27 जनवरी 2025 को किया जायेगा। गतिविधि सायं 06:00 बजे से प्रारंभ होगी। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को संस्कृति विभाग की टीम को आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक समन्वय एवं स्थानीय सहयोग प्रदाय करने के निर्देश दिए हैं।



