कम प्रगति वाली पंचायतों के कर्मचारियों को नोटिस जारी के निर्देश
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने दिए विभागों को सुधार के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन, ई-केवायसी, और धरती आबा अभियान की प्रगति पर विशेष जोर
Seoni 16 June 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अपर कलेक्टर सी. एल. चनाप, जिला पंचायत की प्रभारी सीईओ सुश्री सुनीता खंडायत समेत सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहे। खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए विभागवार प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने रैंकिंग में पिछड़े विभागों, विशेषकर नगरपालिका और राजस्व विभाग को शिकायतों के शीघ्र व संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।
ई-केवायसी कार्य को मिलेगी गति
कलेक्टर ने समग्र ई-केवायसी कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अभियान मोड में डोर-टू-डोर सर्वे कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि 70 प्रतिशत से कम प्रगति वाली पंचायतों के कर्मचारियों को नोटिस जारी किया जाए और बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएं।
धरती आबा अभियान की प्रगति पर विशेष चर्चा
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चल रहे शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने और सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि संबंधित विभागों के मैदानी अमले की कैंपों में अनिवार्य रूप से उपस्थिति हो।
शिक्षा और आंगनवाड़ी सेवाओं पर निर्देश
कलेक्टर जैन ने शिक्षा, जनजातीय कार्य और महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि वे खाद्यान्न का समय पर उठाव कर आंगनवाड़ी केंद्रों, छात्रावासों और स्कूलों में बच्चों के भोजन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही जिला परिवहन अधिकारी को स्कूली बसों की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच के निर्देश भी दिए गए।
खरीफ सीजन की तैयारी
कलेक्टर ने कृषि विभाग को खरीफ फसलों के मद्देनजर पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज और उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अमानक बीज व खाद बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


