सिवनी

जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 का समापन

मुख्यमंत्री के सजीव प्रसारण को जलदूतों ने देखा-सुना, छपारा जनपद सभाकक्ष में हुआ आयोजन

 Seoni 30 June 2025

छपारा यशो:- मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए चलाए जा रहे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान 2025’ का समापन समारोह सोमवार को खण्डवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का सजीव प्रसारण जनपद पंचायत छपारा के सभाकक्ष में किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, जन अभियान परिषद के जलदूतों, आजीविका मिशन की दीदियों, अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा देखा और सुना गया।

 जल चेतना को जन आंदोलन का रूप

गौरतलब है कि यह अभियान 30 मार्च 2025 को पूरे प्रदेश के साथ सिवनी जिले में भी प्रारंभ किया गया था। कलेक्टर संस्कृति जैन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी नवजीवन पंवार के मार्गदर्शन में जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ यह अभियान संचालित हुआ।
अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता रैलियाँ, जल संगोष्ठियाँ, सोखते गड्ढे, बावड़ी-कुओं की सफाई, बोरी-बंधान, नुक्कड़ नाटक, और नारा लेखन जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
जन सामान्य ने जल संरक्षण को लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता दी और हजारों लोगों ने स्वप्रेरणा से भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश फैलाया

 कार्यक्रम में प्रमुख लोग रहे उपस्थित

छपारा जनपद के समापन कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सदम सिंह वरकडे, उपाध्यक्ष प्रभात सिंह, नगर परिषद उपाध्यक्ष शिवकांत सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी राकेश दुबे, बीडीओ एस.एल. मर्सकोले, जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अनिल चौरे, आजीविका मिशन से जुड़ी दीदियाँ, जलदूत और अन्य स्वयंसेवी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 जलदूतों ने लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित जलदूतों ने जल संरक्षण की दिशा में भविष्य में भी कार्य करते रहने का संकल्प लिया। साथ ही इस महाअभियान को गांव-गांव तक ले जाकर पानी बचाओ – जीवन बचाओ का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की बात कही।

जल गंगा संवर्धन अभियान न केवल एक सरकारी योजना रहा, बल्कि इसे जन अभियान परिषद, पंचायती राज संस्थाएँ, और नागरिक समाज के सहयोग से एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया गया। यह पहल आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश को जल आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!