नये साले में पेंच नेशनल पार्क में रहेगा पर्यटको का जामावड़ा, प्रबंधन जुटा तैयारियों में
Seoni 28 December 2024
सिवनी यशो:- नया वर्ष का आगज चंद दिनों बाद होने वाला है और उसको लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। वैसे तो मौसम के बिगडते मिजाज के चलते ठंड बढने की बात कही जा रही है। लेकिन इस ठंड के बीच जिले के विभिन्न पर्यटन क्षेत्र की सुरम्य वादियों में लोग नये वर्ष का स्वागत करना चाहते हैं। जिसकों लेकर अनेक प्रकार की तैयारियाँ की जा रही हैं। अभी से पेंच नेशनल पार्क में विदेशी सैलानियों ने बुकिंग कराना प्रारंभ कर दिया है और अन्य पर्यटन क्षेत्र में भी लोग इस अवसर का लाभ उठाना चाहते हैं।
पेंच नेशनल पार्क के अंतर्गत लगभग 80 रिसोर्ट आते हैं जहाँ पर देशी विदेशी टूरिस्टों का जमावडा रहेगा साथ ही इन टूरिस्टों को इस अवसर पर कार्यक्रमों से जोडा जायेगा साथ ही पार्क में इन दिनों टाईगरों की संख्या बढ जाने के कारण उम्मीद की जा रही है टूरिस्टों को बाघ देखने का भी आनंद मिलेगा। साथ ही अन्य जानवर का भी दिग्दर्शन कर लोग इस पार्क की स्मृतियाँ अपने साथ ले जायेंगे।
गौरतलब है कि, जिले में लखनादौन क्षेत्र में मठ घोघरा,धूमा के निकट नर्मदा नदी के किनारे पायली रेस्ट हाउस,कुरई विकास खंड में भीमघाट,कपुर्दा के निकट ग्राम डोंगरदेव,बरघाट क्षेत्र में सोनावानी रेस्ट हाउस,आष्टा का मंदिर,कांचना जलाशय,अमोदागढ़,आमागढ़,राईदेवी,भीमगढ डेम, आदेगांव गांव का भैरव मंदिर,समुद्र राजा सहित अनेक स्थान हैं। जहाँ पर लोग जाकर न केवल पिकनिक मनाना चाहते हैं बल्कि नये साल में कुछ नया करने की भावना भी रखते हैं।
ज्ञातव्य है कि, जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएँ होने के बावजूद भी किसी भी जन प्रतिनिधि का ध्यान इस ओर न होने से ये स्थान आज भी जिले वासियों से ओझल हैं जिन्हें प्र्रकाश में लाने की आवश्कता है।



