धार्मिक एवं अनेक जागरूकता संदेशों के साथ कपिल पांडे साईकिल से 3700 किमी की माँ नर्मदा की परिक्रमा करेंगे
कार्तिक पूर्णिमा 15 नवंबर को बालरूप हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी यात्रा
सिवनी यशो :- सामाजिक धार्मिक एवं राजनैतिक क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने वाले एवं पिछले अनेक वर्षो से साईकिल के चलाने के महत्व को प्रदर्शित करने वाले सायक्लोन प्रतियोगिता के आयोजक कपिल पांडे जी आगामी 15 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा से 3700 किलोमीटर साईकिल से नर्मदा परिक्रमा करने के लिये निकल रहे है । उनके इस संकल्प का सिवनी नगर के अनेक संगठनों एवं आमजनों ने स्वागत किया है । श्री पांडे की नर्मदा परिक्रमा यात्रा 15 नवंबर को श्री बालरूप हनुमान मंदिर महावीर टाकीज से रात्रि 9:00 बजे ओंकारेश्वर के लिये प्रस्थान करेगी । बालरूप हनुमान मंदिर समिति ने समस्त स्नेहीजनों से निर्धारित समय में उपस्थित होकर श्री पांडे को शुभकामनाएँ देकर मनोबल बढ़ाने का आग्रह किया है ।
कपिल पांडे ने अपने संकल्प के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि माँ नर्मदा के इस परिक्रमा का उद्देश्य धार्मिक भाव प्रधान होने के साथ माँ नर्मदा के तटों पर छुपे अनेक रहस्यों से परिचित होने का प्रयास है। इस यात्रा के माध्यम से साईकिल चलाने के लिये जो स्वास्थ्य और पर्यावरण का संदेश दिये जाने का जिले में पिछले कई वर्षो से प्रयास किया जा रहा है, उस संदेश को विस्तार देने में माँ नर्मदा की साईकिल से परिक्रमा सहायक होगी । इसके साथ ही यात्रा के दौराना नर्मदा तटों को स्वच्छ रखने, तटों पर वृक्षारोपण करने का संदेश देते हुये वृक्षारोपण किया जायेगा । श्री पांडे अपनी इस यात्रा के दौराना नर्मदा परिक्रमा के मार्गो में पढऩे वाले स्कूलों में संगोष्ठी कर पर्यावरण स्वच्छ रखने, साईकिल चलाने के लाभ, वृक्षारोपण, जल संरक्षण सहित अन्य जागरूकता संबंधी विषयों पर प्रेरणा देने का कार्य भी करेंगे ।
श्री पांडे ने कहा है कि इस यात्रा के दौराना तटों पर वृक्षारोपण के लिये विभिन्न प्रजाति के वृक्षों बीज साथ में लेकर जायेंगे इस पवित्र कार्य में यदि किसी व्यक्ति के पास वृक्षों के बीज है तो वे यात्रा प्रारंभ होने पूर्व बीज दान कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते है । वृक्षों के प्राप्त बीज नर्मदा तट में रोपे जायेंगे ।
कपिल पांडे जी की साईकिल से नर्मदा परिक्रमा के संकल्प का अनेक सामाजिक संगठनों एवं स्नेहीजन स्वागत करते हुये उनका सम्मान कर रहे है तथा कुशलता निर्विध्र यात्रा की शुभकामनाएँ दे रहे है । इसी क्रम में क्रांतिकारी सुभाष मंच एवं सिवनी रेल विकास समिति, ने उनका सम्मान करते हुये उन्हें शुभकामनाएँ दी तथा पवित्र यात्रा के दौरान जो अनुभव हो उससे आमजनों को परिचित कराये ।






